
रजिस्ट्रार मनीष मदान, SHO प्रेमनगर और छात्रों के बीच हुई बातचीत; वीडियो आया सामने
देहरादून। राजधानी देहरादून में छात्रों और पुलिस के बीच विवाद के बाद अब दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई है। बुधवार को UPES परिसर में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनीष मदान, प्रेमनगर थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर और संबंधित छात्रों के बीच वार्ता हुई, जिसके बाद मामले को आपसी सहमति से सुलझा लिया गया। इस बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।
गौरतलब है कि हाल ही में कुछ छात्रों ने पुलिस पर रिश्वत मांगने, मारपीट करने और शिकायत दर्ज न करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक छात्रा ने दावा किया था कि बिधौली क्षेत्र में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और विरोध करने पर उसके मित्र के साथ अभद्रता व मारपीट की गई।
वहीं देहरादून पुलिस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि 17 अगस्त को वीवीआईपी कार्यक्रमों के मद्देनजर क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वैधानिक कार्रवाई की गई।
विवाद के बाद मामले की जांच क्षेत्राधिकारी नगर को सौंपी गई थी। इसी क्रम में UPES प्रशासन की पहल पर पुलिस और छात्रों के बीच संवाद स्थापित किया गया। वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी और आपसी समझ के साथ विवाद को समाप्त करने पर सहमति बनी।
UPES प्रशासन ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्रों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान संवाद और समन्वय के माध्यम से किया जाना चाहिए। मामले में सुलह के बाद फिलहाल विवाद शांत हो गया है।
