
दून स्कूल एवं रोटरी क्लब सेंट्रल देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दून स्कूल के हेडमास्टर डॉ. जगप्रीत सिंह ने विद्यालय परिसर से किया। उन्होंने रोटरी क्लब सेंट्रल देहरादून की अध्यक्ष अधिवक्ता अंजना सहनी, सचिव पुष्प गर्ग एवं विद्यालय के विद्यार्थियों को पौधे भेंट कर वृक्षारोपण अभियान के लिए रवाना किया।
इसके पश्चात दून स्कूल के विद्यार्थियों, मास्टर्स एवं रोटरी क्लब के सदस्यों ने सहंसाही इंटर कॉलेज, राजपुर में विद्यालय की ओर से उपलब्ध कराए गए विभिन्न प्रजातियों के 40 पौधों का रोपण किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में दून स्कूल के हेडमास्टर डॉ. जगप्रीत सिंह ने रोटरी क्लब सेंट्रल देहरादून के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं सक्रियता का संचार होता है। इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रोटरी क्लब सेंट्रल देहरादून की अध्यक्ष अधिवक्ता अंजना सहनी ने दून स्कूल के हेडमास्टर एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित एवं संतुलित बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना तथा उनकी नियमित देखभाल करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर दून स्कूल के उप-प्रधानाचार्य श्री कमल आहूजा, मास्टर्स चंदन घुग्त्याल, मनु मेहरोत्रा, मनोज कुमार शर्मा, डॉ. हर्षिता आहूजा एवं जस्टिन बैरेट सहित लगभग 20 विद्यार्थी तथा रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे। सहंसाही इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती मीनाक्षी ने दून स्कूल एवं रोटरी क्लब सेंट्रल देहरादून का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए ये पौधे न केवल पर्यावरण को हरित बनाने में योगदान देंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश भी देंगे।
