Homeराज्य समाचारउत्तराखंड‘मिर्ची केक’ ने जीता पहला पुरस्कार, प्रसार भारती की स्क्रिप्ट पिचिंग लैब...

‘मिर्ची केक’ ने जीता पहला पुरस्कार, प्रसार भारती की स्क्रिप्ट पिचिंग लैब में युवा लेखकों को मिला मंच

प्रसार भारती की पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेता घोषित

इफ्फी 2026 में नई कहानी प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं का ऐलान

*प्रसार भारती ने इफ्फी 2026 में अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की*

अविशेष झा ने ‘मिर्ची केक’ के लिए पहला पुरस्कार जीता; सत्य व्यास और जितेश ठाकुर ने क्रमशः दूसरा और तीसरा पुरस्कार हासिल किया

प्रसार भारती ने आज पणजी की कला अकादमी में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान, अपनी पहली स्क्रिप्ट पिचिंग लैब ‘पेज से पिच तक’ के विजेताओं की घोषणा की। प्रसार भारती के अध्यक्ष श्री प्रसून जोशी की परिकल्पना पर आधारित, इस पहल का उद्देश्य उभरते लेखकों के लिए एक ऐसा वार्षिक राष्ट्रीय मंच स्थापित करना है, जहां वे फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों की श्रेणियों में दस भारतीय भाषाओं में अपनी मौलिक कहानियों को प्रस्तुत कर सकें।

 

इस पहल को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। घोषणा के महज दस दिनों के भीतर ही लगभग 1,000 स्क्रिप्ट जमा हुईं। यह देश भर के युवा लेखकों की बेहतरीन कहानी कहने की क्षमता और रचनात्मक आकांक्षाओं को दर्शाती है।

अविशेष झा को उनकी स्क्रिप्ट ‘मिर्ची केक’ के लिए प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया और उन्हें 5 लाख रुपये का नकद इनाम मिला। सत्य व्यास ने ‘संहार’ के लिए दूसरा पुरस्कार जीता और उन्हें 3 लाख रुपये मिले। जबकि जितेश ठाकुर ने ‘शरद पूर्णिमा’ के लिए तीसरा पुरस्कार जीता और उन्हें 2 लाख रुपये मिले।

ये पुरस्कार एक समारोह में प्रदान किए गए, जिसमें सूचना और प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री पृथुल कुमार और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) के प्रबंध निदेशक श्री धीरज सिंह शामिल हुए।

सभा को संबोधित करते हुए, श्री पृथुल कुमार ने कहानी कहने से जुड़ी उभरती हुई प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा भारत की रचनात्मक क्षमता का दोहन करना और उन कहानियों को खोजना आवश्यक है जिन्हें देश के युवा कहना चाहते हैं। फिल्म निर्माण में पटकथा लेखन के महत्व को रेखांकित करते हुए, उन्होंने कहा कि पटकथा तैयार करना फिल्म निर्माण प्रक्रिया का पहला कदम है और योजना बनाना फिल्म निर्माण का मूल आधार है। पटकथा को योजना निर्माण का पर्याय बताते हुए, उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एक आकर्षक पटकथा और एक सशक्त कहानी सफल फिल्म निर्माण का आधार होती हैं।

 

दूरदर्शन की महानिदेशक सुश्री रीना सोनोवाल कौली ने स्वागत भाषण दिया। इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, उन्होंने कहा कि यह भारत की भाषाई एवं रचनात्मक विविधता को सामने लाने में सहायक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उभरते लेखकों के लिए ऐसे अवसर सृजित करना जरूरी है ताकि वे राष्ट्रीय मंच पर अपने मौलिक विचारों को प्रस्तुत कर सकें।

पिचिंग सत्रों में चुने गए दस प्रतिभागियों ने एक प्रतिष्ठित जूरी के सामने अपनी मौलिक स्क्रिप्ट पेश की। इस जूरी में अभिनेता एवं ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता श्री मनोज जोशी; भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं साहित्य के लेखक, संपादक और स्वतंत्र शोधकर्ता श्री संदीप बालकृष्ण; ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले फिल्मकार एवं संपादक श्री श्रीनारायण सिंह; और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता पत्रकार, लेखक, फिल्म समीक्षक तथा पुणे स्थित भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) की गवर्निंग काउंसिल के उपाध्यक्ष श्री अनंत विजय शामिल थे।

चुनी गई प्रविष्टियों में उत्कृष्ट कार्य को पहचान देते हुए, इस पहल के तहत चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 50,000 रुपये के ‘विशेष उल्लेख’ पुरस्कार दिए गए। सातवें, आठवें, नौवें और दसवें स्थान पर रहने वालों को प्रशंसा-पत्र दिए गए, जबकि चुने गए शीर्ष 30 लेखकों को भागीदारी प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

 

21 से 23 नवंबर, 2026 के दौरान आयोजित होने वाले ‘पेज से पिच तक’ कार्यक्रम ने उभरते लेखकों और फिल्म उद्योग के बीच की दूरी को पाटने का प्रयास किया। इसने मौलिक विचारों को पर्दे तक पहुंचाने के लिए एक मंच प्रदान किया। एक वार्षिक पहल के रूप में, इसका उद्देश्य होनहार कहानीकारों को फिल्म उद्योग के पेशेवरों से जोड़ना है ताकि उनकी पटकथाओं को फीचर फिल्मों, वृत्तचित्रों और लघु फिल्मों में रूपांतरित करने के अवसर मिल सकें।

 

 

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News