मैं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सर झुका भी सकता हूं और स्वयं को मिटा भी सकता हूं-सीएम धामी
स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को अटल निर्मल नगर पुरस्कार से किया सम्मानित
रुद्रपुर नगर निगम को मिला प्रथम अटल निर्मल नगर पुरस्कार
सीएम धामी ने प्रदेश के 52 नगर निकायों में 115 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर की की शुरुआत
स्ट्रीट वेंडर्स के पंजीकरण का वृहद अभियान एवं अंगीकार 2.0 को भी किया गया लॉन्च
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नवनिर्मित 15600 आवासों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहरी निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु 244 नए वाहन समर्पित किये
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 52 नगर निकायों में 115 अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर अर्बन हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर की शुरुआत की गई। इसके साथ ही फेरी व्यवसायियों स्ट्रीट वेंडर्स के पंजीकरण वृहद अभियान एवं अंगीकार 2.0 को भी लॉन्च किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत भी एल सी घटक से नवनिर्मित 15600 आवासों का लोकार्पण भी किया गया। मुख्यमंत्री द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण 2024- 25 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निकायों को अटल निर्मल नगर पुरस्कार प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम, पिथौरागढ़ नगर निगम को द्वितीय, कोटद्वार नगर निगम को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया।
इसके साथ ही मसूरी नगर पालिका परिषद को प्रथम , डोईवाला नगर पालिका परिषद को द्वितीय तथा भीमताल को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने लालकुआं नगर पंचायत को प्रथम , गुलरभोज नगर पंचायत को द्वितीय तथा भिकियासैंण नगर पंचायत को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया । उन्होंने छावनी परिषद लैंसडाउन को प्रथम, रानीखेत को द्वितीय तथा रुड़की छावनी परिषद को तृतीय अटल निर्मल नगर पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया ।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शहरी निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन हेतु 244 नए वाहन समर्पित किये। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य, स्वच्छता और आवास की दिशा में ठोस सुधार होंगे और आम नागरिकों को उसका सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की इन पहलों से उत्तराखंड के नगर निकाय देश के लिए आदर्श प्रस्तुत करेंगे और स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी यह सभी नवीन पहल न केवल राज्य के नगरीय क्षेत्रों को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में सहायक सिद्ध होगी, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हाल ही में एक नकल के मामले की जानकारी मिलते ही सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूरी परीक्षा की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया । परंतु विपक्ष इस मामले की आड़ में हमारे युवाओं को ढाल बनाकर अपनी राजनीति रोटियां सैंकने की कोशिश करने लगा है और प्रदेश में अराजकता फैलाने के प्रयास किए जाने लगे। उन्होंने कहा कि जो लोग अपनी राजनीतिक स्वार्थ के चलते सीबीआई और ईडी की जांच पर सवाल उठाते हैं वह लोग इस मामले में युवाओं को आगे कर सीबीआई जांच की मांग कर इस प्रकरण का राजनीतिकरण लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चों की परेशानियों को देखकर और अराजक तत्वों के षड्यंत्र को विफल करने के लिए मैंने स्वयं युवाओं से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया है, कि सीबीआई जांच कराने के साथ ही उनकी सभी न्यायोचित मांगों को पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से पिछले 4 सालों में 25000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है, जो आप में एक रिकॉर्ड है। इस कानून के लागू होने के पश्चात हमने बीते 4 वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाया है, जिसे पूर्व की सरकारों के समय उत्तराखंड में नकल को एक उद्योग बना दिया गया था। यह सभी काम हमारी सरकार ने युवाओं का भविष्य और हित सुनिश्चित करने के लिए उठाए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कुछ लोग तो यह भी कह रहे हैं कि हम युवाओं के आगे या सीबीआई जांच की मांग करने वालो के आगे झुक गए। ऐसे सभी लोगों को मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं युवाओं के हितों की रक्षा के लिए सर झुका भी सकता हूं और स्वयं को मिटा भी सकता हूं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ , श्रीमती सविता कपूर , मेयर सौरभ थपलियाल सहित विभिन्न नगर निकायों के मेयर, सचिव नितेश कुमार झा सहित शहरी विकास विभाग व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
