
देहरादून, 05 जुलाई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र के मोटर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर बरसात के दौरान मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम में स्थानीय लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मोटर मार्ग पर सुरक्षात्मक कार्यों एवं आवश्यक जाल (प्रोटेक्शन नेट) लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों से कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा बरसात के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना या मार्ग अवरोध की स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण सिंह रावत, मंजीत रावत, किरन, सिंचाई विभाग एई संजीव सिंह सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
