
रविवार को आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां पूर्ण रखें: निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन सर्वोच्च प्राथमिकता: एडीएम के.के. मिश्रा
*देहरादून। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री के.के. मिश्रा ने रविवार, 19 जुलाई 2026 को जनपद में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन के दृष्टिगत संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं त्रुटिरहित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


बैठक में बताया गया कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार द्वारा उच्च न्यायालय नैनीताल के अधीनस्थ कार्यालयों में सहायक समीक्षा अधिकारी, असिस्टेंट लाइब्रेरियन, अनुवादक एवं टाइपिस्ट परीक्षा-2025 का आयोजन 19 जुलाई (रविवार) को जनपद के 08 परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा एक पाली में प्रातः 10:00 बजे से 01:00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें 3,908 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा संचालन के लिए 06 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 03 जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित Central Armed Police Forces (Assistant Commandant) Examination-2026 जनपद के 11 परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। प्रथम सत्र प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तथा द्वितीय सत्र अपराह्न 02:00 बजे से 05:00 बजे तक रहेगा। इस परीक्षा में 4,266 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट समय से परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करें तथा परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें। परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप जमा कराने में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, कोषागार तथा अन्य संबंधित विभागों को परस्पर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि दोनों परीक्षाएं पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।
