कोटद्वार : नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत नवयुग पब्लिक स्कूल में स्व. शीला देवी नेगी की स्मृति में आयोजित अंतरविद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-14 बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान नवयुग पब्लिक स्कूल ने खिताब अपने नाम किया, जबकि बालिका वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता में एमकेवीएन की टीम चैंपियन बनी।प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह रावत, प्रभुदयाल बिष्ट और पूर्व प्रमुख रविंद्र सिंह नेगी ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। कबड्डी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबलों में नवयुग पब्लिक स्कूल और स्कॉलर्स एकेडमी ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेमीफाइनल में नवयुग पब्लिक स्कूल ने एवीएन को 35-14 से हराया। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में स्कॉलर्स एकेडमी ने एमकेवीएन को 38-30 से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में नवयुग पब्लिक स्कूल और स्कॉलर्स एकेडमी की टीमें आमने-सामने रहीं। इसमें नवयुग की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्कॉलर्स एकेडमी को 53-29 से शिकस्त दी और ट्राफी पर कब्जा जमाया। बालिका वर्ग की वॉलीबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नवयुग पब्लिक स्कूल और एमकेवीएन के बीच खेला गया। एमकेवीएन की खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए नवयुग को सीधे सेटों में 25-12 और 25-15 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर अवधेश चमोली, डॉ. रोबिन सिंह, आशीष अग्रवाल, पुनीत कंसल, रोहित बत्ता, कुबेर जालान, शंकर दत्त जोशी, धीरेंद्र कंडारी और सुरदीप गुसाईं सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

