विज्ञानशाला इंटरनेशनल द्वारा उत्तराखंड काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी (UCOST) के सहयोग से संचालित She for STEM – उत्तराखंड कार्यक्रम के अंतर्गत प्रौद्योगिकी संस्थान गोपेश्वर की छात्राओं ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, सहारनपुर परिसर का दो दिवसीय शैक्षिक दौरा किया। इस दौरे का उद्देश्य छात्राओं को उन्नत शोध, नवाचार, और तकनीकी प्रगति की गहरी समझ प्रदान करना था।
प्रथम दिवस (24 मार्च 2025): प्रयोगशालाओं का भ्रमण एवं शोधकर्ताओं से संवाद
दौरे के पहले दिन छात्राओं ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की, सहारनपुर परिसर की विभिन्न उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया, जिसमें शामिल थीं:
– पेपर टेक्नोलॉजी लैब – जहां छात्राओं ने कागज निर्माण और परीक्षण की प्रक्रिया को समझा।
– पैकेजिंग मटेरियल टेस्टिंग लैब – जहां पैकेजिंग सामग्री के निर्माण और परीक्षण की विधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
– बायोडिग्रेडेबिलिटी चैम्बर– जहां उन्होंने जैव-अपघटनीय सामग्रियों की जांच और उनके पर्यावरणीय प्रभावों के अध्ययन के बारे में सीखा।
– एनर्जी एंड एनवायरनमेंट ऑडिट लैब – जहां ऊर्जा दक्षता और पर्यावरणीय ऑडिट से जुड़े नवीनतम अनुसंधानों से अवगत हुईं।
छात्राओं ने खाद्य पैकेजिंग में नवीनतम रुझानों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की, जिसमें एडिबल पैकेजिंग (खाने योग्य पैकेजिंग सामग्री) के विकास पर चर्चा हुई।
दोपहर के सत्र में, छात्राओं की भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के एप्लाइड मैथमेटिक्स एंड साइंटिफिक कंप्यूटिंग विभाग के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. मिल्ली पंत तथा पीएचडी स्कॉलर्स से गहन चर्चा हुई। इस दौरान छात्राओं ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्राप्त की, जिनमें शामिल हैं:
– मेडिकल इमेजिंग और इसके अनुप्रयोग
– शेड्यूलिंग एल्गोरिदम और उनका औद्योगिक उपयोग
– मनोवैज्ञानिक बीमारियों पर शोध
– इन्फ्रारेड टारगेट डिटेक्शन
– अन्य नवीनतम अनुसंधान परियोजनाएं जिन पर विभाग की शोधार्थी कार्य कर रही हैं
इसके अतिरिक्त, छात्राओं ने हाई-एंड कंप्यूटर लैब्स का भी दौरा किया, जहां उन्होंने उच्च स्तरीय कंप्यूटिंग तकनीकों और उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया।
द्वितीय दिवस (25 मार्च 2025): भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की मुख्य परिसर का भ्रमण
शैक्षिक दौरे के दूसरे दिन, छात्राएँ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के मुख्य परिसर का भ्रमण करेंगी, जहां वे विभिन्न अत्याधुनिक अनुसंधान केंद्रों, प्रयोगशालाओं और नवाचार हब का अवलोकन करेंगी। इस दौरे से छात्राओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवीनतम विकास की जानकारी मिलेगी और वे भविष्य की संभावनाओं को बेहतर समझ सकेंगी।
यह शैक्षिक यात्रा छात्राओं के लिए एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित हुई, जिससे उन्हें उच्च स्तरीय अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों को नजदीक से देखने और समझने का अवसर मिला।