गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत की मौजूदगी में कई नेता कांग्रेस में शामिल
कांग्रेस की नीतियों एवं नेतृत्व से प्रभावित होकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की उपस्थिति में ली कांग्रेस की सदस्यताः- डॉ0 प्रतिमा सिंह



देहरादून, 14 अक्टूबर 2026
उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह एवं प्रदेश चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत की गरिमामयी उपस्थिति में आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के नेतृत्व तथा कांग्रेस पार्टी की रीति-नीतियों एवं सिद्धान्तों में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं का फूल मालाओं एवं कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई तथा उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि देश की आजादी, लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता एवं सर्वधर्म समभाव की विचारधारा का प्रतिनिधित्व करने वाला विशाल जनआन्दोलन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदैव समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के हितों की रक्षा तथा देश की एकता, अखण्डता एवं भाईचारे को मजबूत करने का कार्य किया है।
श्री गोदियाल ने कहा कि आज देश एवं प्रदेश की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था से त्रस्त है। उत्तराखण्ड में भाजपा सरकार के शासनकाल में बेरोजगार नौजवान रोजगार के लिए दर-दर भटक रहे हैं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है, महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों से प्रदेश की मातृशक्ति स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है तथा किसान, मजदूर और छोटे व्यापारी सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में भारी अन्तर है। प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ भाजपा को सत्ता सौंपी थी, सरकार उन अपेक्षाओं पर खरी उतरने में पूरी तरह विफल रही है। विकास के नाम पर केवल घोषणाएं की जा रही हैं, जबकि प्रदेश में बेरोजगारी, पलायन, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं लगातार विकराल रूप धारण करती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार के कुशासन से मुक्ति चाहती है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं तथा सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय प्रचार-प्रसार और राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नाकामियों से जनता में भारी आक्रोश है और आने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर कांग्रेस की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।
चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी देशभर में लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरन्तर संघर्ष कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा और जनहित के मुद्दों के प्रति लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। इसी का परिणाम है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं को संगठन में पूरा सम्मान दिया जाएगा तथा उनके राजनीतिक एवं सामाजिक अनुभवों का लाभ पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में लिया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए साथियों के आने से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में पार्टी और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उत्तराखंड राज्य के निर्माण से लेकर राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में स्थापित विकास की योजनाएं आज भी प्रदेश की प्रगति का आधार हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना इस बात का संकेत है कि प्रदेश में राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है।
प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। प्रदेश में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा पलायन जैसे ज्वलन्त मुद्दों पर सरकार के पास कोई ठोस कार्ययोजना नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता अब भाजपा के खोखले वादों और झूठी घोषणाओं से ऊब चुकी है तथा कांग्रेस की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता एवं मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार में नए नेताओं के शामिल होने से पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा तथा भाजपा सरकार के विरुद्ध चल रहे जनसंघर्ष को नई गति मिलेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले नेताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी, नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी एवं प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल ने यह भी कहा कि आने वाले समय में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े अनेक अन्य नेता और कार्यकर्ता भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का दरवाजा उन सभी लोगों के लिए खुला है, जो लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक सद्भाव तथा उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए कार्य करना चाहते हैं।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तराखण्ड की जनता भाजपा के कुशासन का अन्त कर कांग्रेस पार्टी को पूर्ण बहुमत से सत्ता में लाने का कार्य करेगी।
कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में पूर्व प्रत्याशी विधानसभा चकराता श्री दर्शन लाल डोभाल, सेवानिवृत्त आईजी पुलिस अनन्तराम चौहान, कैप्टन ताजवर सिंह नेगी, कैप्टन नारायण सिंह रावत, कैप्टन गंगा सिंह, कैप्टन हीरा बल्लभ पांडे, कैप्टन सोबन सिंह, जितेंद्र सिंह, शशांक भट्ट आदि प्रमुख थे।
इस अवसर पर विधायक लखपत सिंह बुटोला, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचन्द शर्मा, महामंत्री अभिषेक सिंह, राजेन्द शाह, नवीन जोशी, विनोद चौहान, प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, प्रदेश सचिव अमेन्द्र बिष्ट, अखिलेश उनियाल, प्रशांत खंडूरी, नरेशानन्द नौटियाल आदि कंाग्रेस नेतागण उपस्थित थे।
डॉ0 प्रतिमा सिंह
प्रदेश प्रवक्ता
उत्तराखण्ड, प्रदेश कांग्रेस कमेटी

