शंकर चंद्र रमोला का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति : कांग्रेस नेता
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं उत्तराखंड स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती दीपा दास मुंशी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक से पूर्व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महामंत्री स्वर्गीय शंकर चंद्र रमोला जी के निधन पर एक मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्वर्गीय रमोला जी के पार्टी के प्रति समर्पण, निष्ठा एवं उनके द्वारा किए गए योगदान को याद करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय शंकर चंद्र रमोला जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन कांग्रेस पार्टी की विचारधारा एवं संगठन को मजबूत करने के लिए समर्पित किया।
नेताओं ने कहा कि स्वर्गीय रमोला जी ने ग्राम प्रधान के रूप में भी अपने ग्रामसभा क्षेत्र में अनेक विकास कार्य करवाए। उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं विकास कार्यों को क्षेत्र की जनता और कांग्रेस के कार्यकर्ता सदैव याद रखेंगे। उनका सरल स्वभाव, संगठन के प्रति निष्ठा और जनसेवा की भावना हमेशा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, उपनेता प्रतिपक्ष श्री भुवन कापड़ी, विधायक श्री काजी निजामुद्दीन, पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी श्री प्रकाश जोशी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन श्री राजेंद्र सिंह भंडारी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रमोला जी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
(राजेंद्र सिंह भंडारी)
महासचिव संगठन
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस

