
देहरादून। महीनों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल को अपनी टीम मिल गई। इसमें अधिसंख्य परंपरागत पुराने चेहरे ही शामिल हैं। वीरवार देर रात घोषित कांग्रेस की जंबो कार्यकारिणी घोषित की है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की नई टीम में संगठन का व्यापक विस्तार किया गया है। कार्यकारिणी में 24 उपाध्यक्ष, 36 महासचिव और 107 सचिव बनाए गए हैं, जबकि हरीश रावत समेत 41 वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी समिति में स्थान दिया गया है।
राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल की ओर से देर रात जारी सूची के साथ ही पिछले वर्ष नवंबर में गणेश गोदियाल के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से चल रहा इंतजार समाप्त हो गया।

एग्जिक्युटिव कमेटी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत व विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत कुल 41 नेताओं को स्थान दिया गया है। इनमें सभी मौजूदा विधायक, कई पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री शामिल हैं। कांग्रेस हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव किसी वेणुगोपाल ने कार्यकारिणी व कमेटियों की घोषणा की है।
कांग्रेस ने घोषणापत्र समिति, अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति, एसआईआर समिति और आरोपपत्र समिति का भी गठन किया है। घोषणा पत्र समिति में विधायक भुवन कापड़ी को अध्यक्ष व डॉ. प्रेम बहुखंडी को संयोजक बनाया गया है। गुरदीप सिंह सप्पल, सूर्यकांत धस्माना व सुजाता पॉल इस कमेटी में बतौर सदस्य शामिल किये गये हैं। अनुशासन समिति का प्रमुख विधायक विक्रम सिंह नेगी, एसआईआर कमेटी का पूर्व विधायक मनोज रावत व चार्जशीट समिति का पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को बनाया गया है।
राजीव महर्षि
उपाध्यक्ष ,उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी
