गूलर के पास रेलिंग तोड़कर गहरी खाई में समाई विश्वनाथ सेवा की बस, सुबह साढ़े पांच बजे हुआ हादसा; मौके पर मची चीख-पुकार






ऋषिकेश। बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की यात्रियों से भरी बस गूलर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी रेलिंग तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे 32 सीटर बस में 30 यात्री सवार होकर हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुए थे। गूलर के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और रेलिंग तोड़ते हुए खाई में समा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बचाव दल ने खाई में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान ने बताया कि हादसे में आठ यात्रियों की मौत हुई है, जबकि 26 लोग घायल हुए हैं। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है।

