
पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों के लिए एसआई राकेश पुंडीर सम्मानित
देहरादून। उत्तराखंड में पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेंटर की ओर से एसआई राकेश पुंडीर, चौकी इंचार्ज लाखीबाग, कोतवाली नगर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मानवाधिकार पदाधिकारियों ने पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए निरंतर तत्परता से कार्य कर रहे हैं। पुलिस के सराहनीय कार्यों को सम्मानित करना उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर अकबर सिद्दीकी, एसपी सिंह, पीके वर्मा, इरशाद, राजेश डुंग, दर्शन पांडेय, पूनम आर्या एवं मोनिका डबराल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित पदाधिकारियों ने एसआई राकेश पुंडीर को सम्मानित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
उत्तराखंड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन सेंटर की ओर से पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने की यह पहल पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
