Homeराज्य समाचारउत्तराखंडमसूरी की वहन क्षमता तय हो, अनियंत्रित पर्यटन पर लगे अंकुश :...

मसूरी की वहन क्षमता तय हो, अनियंत्रित पर्यटन पर लगे अंकुश : सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून1

मसूरी पर बढ़ते दबाव को लेकर मुख्य सचिव से मिले सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून के प्रतिनिधि

मसूरी की पर्यावरणीय सीमाओं की अनदेखी विनाश को न्योता, नई सड़कों का प्रस्ताव वापस लेने की मांग

मसूरी की ‘कैरिंग कैपेसिटी’ (वहन क्षमता) और पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून’ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव से की मुलाकात
देहरादून: माननीय उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) के आदेशों के अनुपालन में पर्यावरण संरक्षण संस्था ‘सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून’ (Citizens for Green Doon) के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल—ईरा चौहान, जया सिंह और हिमांशु अरोड़ा—ने उत्तराखंड के मुख्य सचिव (Chief Secretary) से मुलाकात की। इस बैठक में मसूरी की वहन क्षमता (Carrying Capacity) को लेकर उच्च न्यायालय में दायर जनहित याचिका (PIL) और मसूरी को बचाने के लिए संस्था के सदस्यों व श्री अनूप नौटियाल द्वारा दिए जाने वाले सुझावों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मसूरी और दून घाटी पर पड़ रहे अनावश्यक दबाव तथा अनियंत्रित पर्यटन (Over-tourism) पर गहरी चिंता व्यक्त की। बैठक में रखे गए प्रमुख बिंदु निम्नलिखित हैं:
जोशीमठ जैसी आपदा का खतरा और घटती हरियाली: संस्था के सदस्य हिमांशु अरोड़ा ने सवाल उठाया कि एक छोटे से हिल स्टेशन पर आखिर कितना दबाव डाला जा सकता है? उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो मसूरी में भी जोशीमठ जैसी आपदा आने की पूरी आशंका है। उन्होंने इस बात की ओर ध्यान दिलाया कि मसूरी के लंढौर (Landour) और झड़ीपानी (Jharipani) जैसे क्षेत्रों में जमीन दरकने (Land Subsidence) के मामले सामने आ चुके हैं, जो समाचार पत्रों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने चिंताजनक आंकड़े रखते हुए बताया कि केवल पिछले 20 वर्षों में देहरादून और उसके आसपास के क्षेत्रों (दून वैली) की करीब 47 प्रतिशत हरियाली नष्ट हो चुकी है। उन्होंने चेताया कि यदि बची हुई हरियाली को भी नहीं बचाया गया, तो हमारे शहर को मरुस्थल बनने से कोई नहीं बचा सकता।
हजारों पेड़ों के कटान और नई सड़कों का विरोध: ईरा चौहान ने सरकार द्वारा प्रस्तावित नई मसूरी सड़क परियोजना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि झाझरा से मिस्सरपट्टी होते हुए मसूरी जाने वाली इस नई सड़क के निर्माण में लगभग 18,000 से 20,000 पेड़ों की बलि चढ़ेगी, जिनमें मुख्य रूप से साल, रोहिणी, बुरांश और बांज के बहुमूल्य वृक्ष शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एलकेडी (LKD) रोड के चौड़ीकरण में भी लगभग 700 पेड़ काटे जाने हैं, जिसे उन्होंने अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। ईरा चौहान ने चेताते हुए कहा कि इस तरह के अनियोजित विकास से हम खुलेआम आपदाओं को निमंत्रण दे रहे हैं। सदस्यों ने कहा कि जब सरकार पहले से ही एक रोपवे परियोजना पर काम कर रही है—जो जल्द ही पूर्ण होने वाली है—तो ऐसे में एक छोटे से पहाड़ी शहर तक जाने के लिए इतनी सारी सड़कों की क्या आवश्यकता है?
सीवेज, पेयजल संकट और पार्किंग की कमी: जया सिंह ने मसूरी की बुनियादी ढांचे की सीमाओं को रेखांकित करते हुए पूछा कि बढ़ते दबाव के बीच वहां की सीवेज व्यवस्था और पानी की किल्लत से कैसे निपटा जाएगा? उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पूरे मसूरी में केवल 1,287 वाहनों की पार्किंग की क्षमता है, ऐसे में वहां हजारों गाड़ियां भेजने का क्या औचित्य है?
आवागमन के अधिकार पर मुख्य सचिव की टिप्पणी और प्रतिनिधिमंडल का तर्क:
प्रतिनिधिमंडल की इन चिंताओं के जवाब में मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार किसी को भी किसी शहर में आने से नहीं रोक सकती, क्योंकि निर्बाध आवागमन (Free Movement) प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और भारत का हर नागरिक कहीं भी आ-जा सकता है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए हिमांशु अरोड़ा ने बेहद सटीक उदाहरण के साथ अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “यदि हमारे घर में केवल चार मेहमानों के ठहरने की जगह है, तो हम एक बार में उन चार मेहमानों को ही आमंत्रित करेंगे। यदि और मेहमान आने की इच्छा जताते हैं, तो हम उनसे अगले सप्ताह या उसके बाद आने का आग्रह करेंगे—सभी को एक साथ नहीं बुला लेंगे। ठीक उसी तरह, यह शहर भी हमारा घर है और हमें अपने शहर में उतने ही पर्यटकों को आमंत्रित करना चाहिए, जिनका हम और हमारा शहर सही ढंग से रखरखाव कर सके।”
प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सुझाव:
अंत में, माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप सभी सदस्यों ने मसूरी को बचाने के लिए अपने ठोस सुझाव प्रस्तुत किए, जिनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें शामिल हैं:
• नई सड़क परियोजनाओं को रद्द करना: मसूरी के लिए प्रस्तावित सभी नई बनने वाली सड़कों को तुरंत प्रभाव से रद्द किया जाए।
• सख्त पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) प्रणाली: मसूरी आने वाले पर्यटकों और वाहनों के लिए रजिस्ट्रेशन सिस्टम को सख्ती से लागू किया जाए।
• क्षमता के अनुरूप प्रवेश: शहर में उपलब्ध पार्किंग स्थलों और होटलों में कमरों की वास्तविक संख्या के हिसाब से ही एक निश्चित सीमा में पर्यटकों को वहां जाने की अनुमति दी जाए, ताकि क्षेत्र के जल स्रोतों, पर्यावरण और सीवेज सिस्टम पर जरूरत से ज्यादा दबाव न पड़े।
मुख्य सचिव मोहदय ने सभी बातों पर बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए, सभी सुझावों को प्रिंसिपल सेक्रेटारी एनवायरनमेंट को आगे की कार्यवाही के लिए भेज दिया.
भवदीय,
सिटीजन्स फॉर ग्रीन दून (Citizens for Green Doon)
संपर्क सूत्र: इरा चौहान
9760024609

 

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News