
देहरादून, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से निगम कार्मिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए ऊर्जा भवन सहित चार कार्यालयों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी के मार्गदर्शन एवं अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) के नेतृत्व में किया गया।
सुबह 10 बजे से आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में 300 से अधिक निगम कार्मिकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं विभिन्न जांच संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में मेट्रो हॉस्पिटल हरिद्वार, मेट्रो हॉस्पिटल नोएडा, ग्राफिक एरा हॉस्पिटल देहरादून, राही नेत्रधाम देहरादून तथा साइंटिफिक पैथोकेयर की ओर से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
एमडी ने किया स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण
UPCL के प्रबंध निदेशक श्री पी.सी. ध्यानी ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा कार्मिकों से भी शिविर का लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि निगम कार्मिकों का स्वास्थ्य और कल्याण प्राथमिकता में है। कार्यस्थल पर स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना उपयोगी पहल है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर निदेशक (वितरण एवं परियोजना) श्री एम.आर. आर्य, निदेशक (वित्त) श्री कमल शर्मा तथा अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आर.जे. मलिक सहित UPCL के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य कार्मिकों को उनके कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना, नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
