कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का सतपुली थाने में प्रदर्शन
युवक की मौत पर भड़के कांग्रेसी, थानाध्यक्ष को हटाने की मांग पर अड़े
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही एफआईआर दर्ज करने और परिजनों को मुआवजा देने की उठाई मांग
सतपुली। नगर के निकटवर्ती रैतपुर गांव के युवक की मौत के मामले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार सुबह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में थाना सतपुली में एकत्र हुए कांग्रेसियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सांकेतिक धरना देकर आरोपी थानाध्यक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
धरनास्थल पर हुई सभा में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि युवक से थाने में मारपीट की गई। उसकी माता के सामने गाली गलौज से युवक इतना आहत हुआ कि उसे जीवनलीला समाप्त करनी पड़ी। पुलिस के रवैये पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने मांग की कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के तत्काल बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जाए। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग भी राज्य सरकार से की।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि पीएम रिपोर्ट में युवक द्वारा वीडियो में दिखाई गई चोटों का संज्ञान नहीं लिया जाता है तो कांग्रेस इस मामले में बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने शनिवार से ही सतपुली में डेरा डाले जांच अधिकारी एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर से वार्ता कर जांच में सभी तथ्यों का संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख पोखड़ा संजय गुसाईं, जिला पंचायत सदस्य पूनम कैंत्यूरा, रघुवीर बिष्ट, कविंद्र इष्टवाल, सुंदरलाल मुयाल, सूरज प्रसाद कांति, विनोद दनोशी, जयदीप नेगी, अमित राज सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने
मृतक के परिजनों से की मुलाकात
सतपुली। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को रैतपुर गांव पहुंचकर मृतक युवक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर सहयोग का आश्वासन मृतक की मां-बहनों को दिया। वहीं मामले की जांच कर रहे एएसपी कोटद्वार मनोज ठाकुर ने शनिवार से ही सतपुली में डेरा डाला हुआ है। घटनास्थल भिताड़ा पुल पर भी गए और विभिन्न तथ्यों का संज्ञान लिया। कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। इससे पहले पुल पर लगाए गए फंदे पर लटक कर जान देने वाले युवक पंकज की रविवार को गमगीन माहौल में रैतपुर स्थित पैतृक घाट पर अंत्येष्टि की गई। इस दौरान शासन-प्रशासन, पुलिस या किसी राजनीतिक दल का नुमाइंदा मौजूद नहीं था। महज 30-35 ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक की अंत्येष्टि की गई।
