
पर्यावरण बनाम विकास की बहस के बीच CM धामी ने पेड़ कटान पर फिलहाल रोक लगायी
देहरादून। देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरण संरक्षण और विकास के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश में विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन प्रकृति, पर्यावरण और स्थानीय लोगों की भावनाओं की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा।
परियोजना को लेकर पिछले कुछ दिनों से पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों की ओर से दिए जा रहे सुझावों और चिंताओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी पक्षों के साथ फिर से विस्तृत संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की महत्वपूर्ण अवसंरचना योजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों और सभी आवश्यक वैधानिक एवं पर्यावरणीय प्रक्रियाओं का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी। परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए करीब 3.5 किलोमीटर लंबे हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट का प्रावधान किया गया है।
