प्रतापनगर की जलपुर नदी समेत अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने की पहल पर दिया जोर
नई टिहरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में टिहरी गढ़वाल के चंबा के निकट हेंवल नदी के पुनर्जीवन प्रयासों का उल्लेख होने से क्षेत्र की पर्यावरण संरक्षण मुहिम को राष्ट्रीय पहचान मिली है। भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सीए राजेश्वर पैन्यूली ने इसे पूरे टिहरी गढ़वाल के लिए गौरव का क्षण बताया।
इस अवसर पर पैन्यूली ने चंबा में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेन्द्र के बौद्धिक सत्र में भाग लिया और देश-समाज से जुड़े विषयों पर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
पैन्यूली ने कहा कि इसी भावना के साथ प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र की जलपुर नदी सहित अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को भी पुनर्जीवित करने के प्रयास किए जाएंगे। स्थानीय समुदायों की भागीदारी से वर्षाजल संरक्षण, जलस्रोतों के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन की दिशा में ठोस पहल की जा सकती है।
पैन्यूली के अनुसार, हेंवल नदी के पुनर्जीवन प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान उत्तराखंड के अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणा है। प्राकृतिक जलस्रोतों का संरक्षण न केवल पर्यावरणीय संतुलन के लिए आवश्यक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

