
विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन, परमिंदर डोभाल का सम्मान
देहरादून। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, संगठन के नाम के कथित दुरुपयोग तथा अन्य सामाजिक विषयों को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के विभाग, प्रांत और महानगर स्तर के पदाधिकारियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री परमिंदर डोभाल से भेंट की। लगभग आधे घंटे चली इस वार्ता में संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा संगठन की ओर से ज्ञापन एवं शिकायती पत्र भी सौंपे गए।

बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा यह रहा कि कुछ लोग विश्व हिंदू परिषद अथवा बजरंग दल के नाम का दुरुपयोग कर होटल, स्पा सेंटर और अन्य प्रतिष्ठानों से कथित रूप से धन की मांग कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों की पहचान करने तथा आरोप प्रमाणित होने पर जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, प्रतिरूपण या अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि किसी भी व्यक्ति को इन संगठनों के नाम पर धन मांगने या वसूली करने का अधिकार नहीं दिया गया है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
वार्ता में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी गंभीर मंथन हुआ। पदाधिकारियों ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, सामाजिक संगठनों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय आवश्यक है। संगठन ने आश्वस्त किया कि नशामुक्ति अभियान तथा जनहित से जुड़े सामाजिक कार्यों में कार्यकर्ताओं द्वारा हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री परमिंदर डोभाल द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में बजरंग दल प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा, विभाग मंत्री आलोक सिंह, दक्षिण जिला अध्यक्ष अनिल मेसन, जिला मंत्री विशाल चौधरी, बजरंग दल संयोजक कमल बिजलवान, जिला मंत्री श्याम शर्मा, विशाल त्यागी, दीपक मित्तल, राजेश सोमवंशी, सनी सोनकर, सुरक्षा प्रमुख सौरभ गौतम सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
