Homeराज्य समाचारउत्तराखंड11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन...

11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन रोमांचक मुकाबले:  डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत

देहरादून। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के चौथे दिन खेले गए लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रदर्शन किया। दिनभर हुए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचक फुटबॉल का अनुभव कराया।


इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 अग्रणी विद्यालयों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें द दून स्कूल (देहरादून), वेलहम बॉयज़ स्कूल (देहरादून), बिशप कॉटन स्कूल (शिमला, हिमाचल प्रदेश), द सागर स्कूल (अलवर, राजस्थान), आर्मी पब्लिक स्कूल (डगशाई, हिमाचल प्रदेश), कसीगा स्कूल (देहरादून), जीआरडी वर्ल्ड स्कूल (देहरादून), द एशियन स्कूल (देहरादून), इंडियन पब्लिक स्कूल (देहरादून) तथा मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल (देहरादून) शामिल हैं।
पहले लीग मुकाबले में द दून स्कूल की जीत
दिन का पहला लीग मुकाबला कसीगा स्कूल, देहरादून और द दून स्कूल, देहरादून के बीच खेला गया। मुकाबले में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक और शानदार फुटबॉल का प्रदर्शन किया। कड़े संघर्ष के बाद द दून स्कूल ने 1-0 से मुकाबला अपने नाम किया। द दून स्कूल की ओर से यस्वीर ने निर्णायक गोल किया।
इंडियन पब्लिक स्कूल और जीआरडी वर्ल्ड स्कूल के बीच मुकाबला ड्रॉ
दूसरे लीग मुकाबले में इंडियन पब्लिक स्कूल, देहरादून का सामना जीआरडी वर्ल्ड स्कूल, देहरादून से हुआ। दोनों टीमों ने बेहतरीन तालमेल और मजबूत रक्षात्मक खेल का प्रदर्शन किया। निर्धारित समय तक कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी और मुकाबला 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इस ड्रॉ के बाद दोनों टीमों को एक-एक अंक प्राप्त हुआ।
आर्मी पब्लिक स्कूल की शानदार 5-2 से जीत
दिन के तीसरे लीग मुकाबले में द एशियन स्कूल, देहरादून और आर्मी पब्लिक स्कूल, डगशाई, हिमाचल प्रदेश की टीमें आमने-सामने रहीं। इस रोमांचक मुकाबले में आर्मी पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द एशियन स्कूल को 5-2 से पराजित किया।
आर्मी पब्लिक स्कूल की ओर से ऋषित ठाकुर ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि स्टेज़िन और राहुल ने एक-एक गोल किया। वहीं, द एशियन स्कूल की ओर से कोलवीन और अदित ने एक-एक गोल कर अपनी टीम के लिए संघर्ष जारी रखा।
अनुभवी रेफरी पैनल के नेतृत्व में हो रहा टूर्नामेंट
टूर्नामेंट के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर नियुक्त किया गया है।
उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल में भूपाल सिंह नेगी (रामनगर, नैनीताल), मनोज नेगी, रोशन चंद, हर्षित चौहान, वरुण चौहान, हिमांशु प्रजापति तथा विमल सिंह रावत (देहरादून) अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। रेफरी पैनल द्वारा सभी मुकाबलों का संचालन निर्धारित नियमों एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मानकों के अनुरूप किया जा रहा है।
यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, खेल कौशल को निखारने तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने का उत्कृष्ट मंच प्रदान कर रही है। साथ ही, यह टूर्नामेंट विद्यालयी फुटबॉल के विकास, खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News