खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : अभिनव थापर
दून स्ट्राइकर्स ने दून सुपर किंग्स को 7 रन से हराया, अभिनव थापर ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
विकास धूलिया की स्मृति में क्रिकेट टूर्नामेंट, पत्रकारों और खिलाड़ियों ने दिखाई खेल भावना


*विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए अभिनव थापर, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह*
आज देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स ग्राउंड में उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून द्वारा आयोजित विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट-2026 में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता अभिनव थापर ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा के साथ स्वर्गीय पत्रकार विकास धूलिया के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। टूर्नामेंट में दून स्ट्राइकर्स ने रोमांचक मुकाबले में दून सुपर किंग्स को 7 रनों से पराजित किया। अभिनव थापर ने मैदान में मौजूद खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अभिनव थापर ने कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, समर्पण, संघर्ष और टीम भावना का संचार करते हैं। क्रिकेट जैसे खेल युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और चुनौतियों से लड़ने का जज्बा भी विकसित करते हैं। उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें बेहतर अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन देने की।
उन्होंने कहा कि विकास धूलिया मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट जैसे आयोजन खेलों के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ाने के साथ-साथ खेल भावना और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल, पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, पूर्व महामंत्री भूपेंद्र कंडारी, अजय शर्मा एवं शैलेंद्र सेमवाल सहित प्रेस क्लब के अन्य गणमान्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे। प्रेस क्लब अध्यक्ष एवं समस्त आयोजन समिति द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनव थापर का स्वागत एवं सम्मान किया गया। अभिनव थापर ने सभी आयोजकों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए दोनों टीमों के खिलाड़ियों को शानदार खेल प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

