
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री के. सी. वेणुगोपाल जी ने की उत्तराखण्ड के सभी जिलाध्यक्षों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक
कांग्रेस की चुनावी तैयारी तेज, जिलाध्यक्षों के साथ के.सी. वेणुगोपाल की अहम बैठक
राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उठे पहाड़ के मुद्दे, विकास नेगी ने रखी क्षेत्र की समस्याएं
बूथ से जनता तक संगठन मजबूत करने पर कांग्रेस का फोकस, वेणुगोपाल ने ली समीक्षा बैठक
देहरादून में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के माननीय राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री के. सी. वेणुगोपाल जी की अध्यक्षता में उत्तराखण्ड के सभी जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन निर्माण, आगामी चुनावों की तैयारियों, बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसंपर्क अभियान तथा जनहित के मुद्दों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक से पूर्व प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने श्री के. सी. वेणुगोपाल जी का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें उत्तराखण्ड की आस्था एवं संस्कृति के प्रतीक चारधाम की पावन प्रतिमा भेंट की।
बैठक में प्रदेश प्रभारी श्रीमती कुमारी शैलजा, सह प्रभारी श्री मनोज यादव, सह प्रभारी श्री सुरेन्द्र शर्मा, कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य श्री गुरदीप सिंह सप्पल, राष्ट्रीय सचिव श्री काज़ी निज़ामुद्दीन, पश्चिम बंगाल प्रभारी श्री प्रकाश जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं CWC सदस्य श्री करण माहरा, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत सहित प्रदेश एवं जिला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार के अध्यक्ष श्री विकास नेगी ने कोटद्वार, यमकेश्वर एवं लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े संगठनात्मक एवं जनसरोकार के महत्वपूर्ण विषय राष्ट्रीय महासचिव के समक्ष रखे। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ता पलायन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं की कमी, सड़क एवं पेयजल जैसी मूलभूत समस्याएँ, युवाओं में बढ़ती बेरोज़गारी, कृषि एवं बागवानी को पर्याप्त प्रोत्साहन न मिलना तथा जंगली जानवरों से किसानों को हो रहे नुकसान जैसे मुद्दों को कांग्रेस को प्राथमिकता के साथ जनता के बीच उठाना चाहिए।
जिला अध्यक्ष विकास नेगी का बयान
“मैंने माननीय राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री के. सी. वेणुगोपाल जी के समक्ष कोटद्वार, यमकेश्वर एवं लैंसडाउन क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं और पहाड़ के जनमानस की भावनाओं को विस्तार से रखा। आज पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन, बेरोज़गारी, स्वास्थ्य सेवाओं का अभाव, शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियाँ, किसानों की समस्याएँ तथा आधारभूत सुविधाओं की कमी सबसे बड़े मुद्दे हैं। कांग्रेस पार्टी इन जनसमस्याओं को पूरी मजबूती से उठाएगी और संगठन को गाँव-गाँव तथा बूथ स्तर तक मजबूत बनाकर जनता के विश्वास के साथ आगामी चुनाव में उतरेगी।”
श्री विकास नेगी ने कहा कि राष्ट्रीय महासचिव श्री के. सी. वेणुगोपाल जी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशक्त संगठन, समर्पित कार्यकर्ताओं और जनता के आशीर्वाद के बल पर कांग्रेस उत्तराखण्ड में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
जारीकर्ता:
लक्ष्मण सिंह रावत
जिला मीडिया प्रभारी
जिला कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार
