यूकॉस्ट विज्ञान धाम झाझरा, देहरादून में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का आयोजन किया गया।
परिषद के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत ने उत्तराखंड राज्य में विज्ञान प्रौद्योगिकी एवं नवाचार को राज्य के विकास के लिए बहुत आवश्यक बताया।



कार्यक्रम के शुभारंभ में साइंस सिटी देहरादून के सलाहकार डॉ. जी. एस. रौतेला ने अपने संबोधन में कहा कि देश के विकास में प्रौद्योगिकी का अहम योगदान है और नई जेनरेशन को इनोवेशन और पेंटेट पर विशेष ध्यान देने की अत्यंत आवश्यकता है।
कार्यक्रम में यूकॉस्ट द्वारा आई. आई. पी. देहरादून के साथ चंपावत में संचालित “पीरूल ब्रिकेट्स परियोजना” पर विस्तृत व्याख्यान दिया गया। आई आई पी देहरादून के मंजेश भट्ट ने परियोजना के सफल संचालन के बारे में जानकारी दी और उत्तराखंड के लिए परियोजना की महत्ता को बताया।
इस अवसर पर यूकॉस्ट के संयुक्त निदेशक डॉ डी पी उनियाल ने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाए जाने की आवश्यकता को विस्तृत रूप से समझाया और बताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा राज्य में प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन यूकॉस्ट की वैज्ञानिक डॉ मंजू सुंदरियाल द्वारा किया गया एवं डॉ भवतोष शर्मा द्वारा सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।कार्यक्रम में यूकॉस्ट के समस्त वैज्ञानिक, एमेरिटस वैज्ञानिक, प्रोजेक्ट स्टाफ एवं इंटर्नस उपस्थित रहे।
