लघु उद्यमियों के लिए बाजार बना स्वदेशी महोत्सव, लोक कलाकारों को भी मिल रहा सम्मान
लोक संस्कृति, स्वरोजगार और स्वदेशी उत्पादों का संगम बना रेंजर्स ग्राउंड का स्वदेशी महोत्सव
स्वदेशी महोत्सव से लघु उद्यमियों को मिल रहा व्यापार, लोकल के उत्पादों को अपना कर स्थानीय उद्यमियों को दें प्रोत्साहन*
*युवाओं की प्रतिभा को स्वदेशी महोत्सव के मंच पर सम्मानित कर रहा स्मृति विकास संस्थान*
*गढ़वाली लोकनृत्य ने बांधा समां, स्वदेशी महोत्सव में दिख रहीं उत्तराखंड की लोक परंपराओं सहित सांस्कृतिक विरासत की झलक*
*कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक रहे मुख्य अतिथि, महापौर सौरभ थपलियाल ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, राज्यमंत्री विनोद उनियाल एवं डॉ. असलम सिद्दीकी रहे विशिष्ट अतिथि*
देहरादून। रेंजर्स ग्राउंड में स्मृति विकास संस्थान की ओर से आयोजित दस दिवसीय स्वदेशी महोत्सव (उत्तराखंड विकास प्रदर्शनी) के तीसरे दिन रविवार को सांस्कृतिक संध्या में लोक संगीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। नवीन म्यूजिकल ग्रुप की संगीतमय प्रस्तुतियों और गढ़वाली लोकनृत्य दल की आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के रंग बिखेरे। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं और पूरा परिसर उत्साह एवं उल्लास से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड सरकार की राज्यमंत्री विनोद उनियाल एवं बीएफआईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक डॉ. असलम सिद्दीकी ने शिरकत की।
सांस्कृतिक संध्या में नवीन म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। ग्रुप के सदस्यों नवीन कुमार, ऋषभ वैद्य, मोहन सिंह नेगी, हेमा नेगी, कुमार दिनकर, पवन कुमार, निशु वैद्य एवं अंबिका एंड ग्रुप की टीम को सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रमुख साधना शर्मा द्वारा स्मृति चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
वहीं, गढ़वाली लोकनृत्य दल ने विभिन्न पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक विरासत की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की। कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। साधना शर्मा के नेतृत्व में अंबिका एंड ग्रुप द्वारा उत्तराखंड के विभिन्न लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर अतिथियों ने स्वदेशी महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय उत्पादों, उद्यमिता और लोक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ ही प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाना और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
स्मृति विकास संस्थान के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य लघु उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना, स्वदेशी उत्पादों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वरोजगार के माध्यम से लोगों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
संस्था के सचिव आधार वर्मा ने बताया कि 13 से 22 नवंबर तक आयोजित इस दस दिवसीय महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें पहाड़ी उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय लघु उद्योगों, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्टार्टअप और विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं से संबंधित स्टॉल शामिल हैं। फूड एवं गेमिंग स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। महोत्सव में प्रवेश निःशुल्क रखा गया है।
महोत्सव के संयोजक प्रवीण पुरोहित ने बताया कि दस दिनों तक प्रतिदिन सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें कवि सम्मेलन, जादूगर राम की प्रस्तुति, गढ़वाली संध्या सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नृत्य, गायन, पेंटिंग, फैशन शो और मेहंदी जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और मिकी माउस सहित विभिन्न गतिविधियों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के अंतर्गत 16 नवंबर को उद्यमिता विद्यार्थी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह, 17 नवंबर को उद्यमिता किसान सम्मेलन एवं सम्मान समारोह, 18 नवंबर को उद्यमिता महिला सम्मेलन एवं सम्मान समारोह तथा 19 नवंबर को कारीगरों एवं उद्यमियों के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही स्वरोजगार, वित्तीय साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग जैसे विषयों पर सेमिनार, कार्यशालाएं एवं कौशल प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित होंगे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के आह्वान और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

