छठ महोत्सव में उमड़ी आस्था, सैकड़ों महिलाओं ने सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा-अर्चना की
मां गंगा के आशीर्वाद से जुड़ी उत्तराखंड और बिहार की संस्कृति : अभिनव थापर


प्रेमनगर छठ महापर्व समिति द्वारा भव्य छठ महोत्सव का आयोजन, मुख्य अतिथि अभिनव थापर ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर की पूजा-अर्चना, सैकड़ों महिलाओं ने लिया भाग
आज प्रेमनगर में छठ महापर्व समिति द्वारा भव्य छठ महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, उल्लास एवं धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अभिनव थापर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने छठ व्रतियों एवं क्षेत्रवासियों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा डूबते हुए सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित कर परिवार एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिलाओं ने छठ पूजा में भाग लेकर भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना की। पूरे आयोजन स्थल पर छठ महापर्व की पारंपरिक छटा देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा संपन्न की तथा छठी मैया के गीतों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, महिलाओं एवं युवाओं की उपस्थिति रही।
मुख्य अतिथि अभिनव थापर ने कहा कि छठ महापर्व केवल बिहार की आस्था और संस्कृति का पर्व नहीं, बल्कि यह उत्तराखंड और बिहार के बीच मां गंगा के माध्यम से एक अटूट आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक रिश्ता भी जोड़ता है। उत्तराखंड वह पवित्र देवभूमि है, जहां मां गंगा और मां यमुना का उद्गम स्थल है। मां गंगा के प्रति श्रद्धा और सूर्य उपासना छठ महापर्व की विशेष पहचान है। छठ पर्व की परंपराओं में मां गंगा में पवित्र स्नान और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने का विशेष महत्व है। मां गंगा के प्रति अटूट आस्था के बिना इस पर्व की कल्पना अधूरी महसूस होती है। उत्तराखंड और बिहार की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराएं मां गंगा के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे आयोजन हमारी साझा विरासत, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सद्भाव को और मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के सभी सदस्यों को भव्य आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभिनव थापर, पार्षद विनोद पंवार, संग्राम सिंह पुंडीर, दीवान सिंह बिष्ट एवं प्रेमनगर छठ महापर्व समिति के सदस्य सिद्धांत मौर्य, प्रभान सिंह, तारकेश्वर प्रसाद, संतोष प्रसाद, आत्मा कुमार, पंकज कुमार, प्रदीप गिरी, चंद कुमार, बजरंगी लाल एवं मुन्ना कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

