
मौत से पहले वीडियो में बयां की पीड़ा, शिक्षिका की मौत पर सचिवालय कर्मी पति घिरा
सचिवालय में तैनात पति समेत तीन पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
नवंबर 25 में हुई थी शादी,मौत से पहले वीडियो में व्यक्त की थी पीड़ा
देहरादून। टिहरी जिले में तैनात शिक्षिका सृष्टि कंडारी की शादी के आठ महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति, मां व बहन पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
उत्तराखंड सचिवालय में तैनात एक निजी सचिव पर अपनी पत्नी की दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना हर्रवाला चौकी के अंतर्गत की है, जहां विवाह के महज आठ महीने बाद सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
सृष्टि की 29 जुलाई को रहस्यमय तरीके से मौत हो गयी थी। सृष्टि की मां सीमा कंडारी की तहरीर पर डोईवाला थाने में बीएनएस की धारा 80 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुकदमा 29 जुलाई को दर्ज किया गया। 29 जुलाई की रात पोस्ट मार्टम होने के बाद 30 जुलाई की दोपहर हरिद्वार के खड़खड़ी शमशान घाट में सृष्टि का अंतिम संस्कार किया गया।
सृष्टि ने मौत से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा भी व्यक्त की। और ससुरालियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। वीडियो बनाने के बाद सृष्टि की तबियत बिगड़ने पर ससुराली कैलाश हॉस्पिटल ले गए। जहां चिकित्सकों ने सृष्टि को मृत घोषित कर दिया।
गौरतलब है कि राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली), विकासखण्ड कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल में तैनात सृष्टि का नवंबर 2025 में दून निवासी सौरभ खत्री के साथ विवाह हुआ था। सृष्टि के पति सौरभ खत्री सचिवालय में निजी सचिव के पद पर है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में देहरादून निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष सृष्टि को मानसिक और शारीरिक
रूप से प्रताड़ित करता रहा। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था ।परिवार में घटित घटनाओं के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था।
तहरीर के अनुसार, ससुराल पक्ष द्वारा सृष्टि को उसके घर आने के बाद परिवार में अशुभ घटनाएं होने के लिए दोषी ठहराया जाता था ससुर की शादी के बाद हार्ट अटैक से मृत्यु के लिए भी उसे दोषी ठहराया गया.
सीमा कंडारी ने बताया कि जब काफी समय तक बेटी से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को सृष्टि के ससुराल भेजा। परिचित ने बताया कि सृष्टि की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया है। यह सूचना मिलने के बाद परिवार तत्काल देहरादून पहुंचा, जहां उन्हें पता चला कि 29 जुलाई को ही सृष्टि की मौत हो चुकी थी।
मृतका की मां सीमा कंडारी ने हर्रावाला पुलिस चौकी में दी गई तहरीर में अपनी बेटी की हत्या का आरोप सचिवालय में कार्यरत पति, सास, ननद और अन्य ससुरालीजनों पर लगाया है।
मृतका की माँ ने कहा की उन्हें पूरा विश्वास है कि इस घटना में पति सौरभ खत्री, उसकी मां, बहन तथा अन्य परिजनों की भूमिका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
