संविधान दिवस पर डॉ. गीता खन्ना हुई सीएम धामी के हाथों सम्मानित: ग्राफिक एरा लॉ कॉलेज में बनीं वाद-विवाद प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि

देहरादून, 26 नवंबर 2026। संविधान दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित पुलिस लाइन्स में अभियोजन विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में डॉ. गीता खन्ना को उनके सामाजिक योगदान, जनहित के कार्यों तथा समाज के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता के लिए प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर ग्राफिक एरा लॉ कॉलेज द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में डॉ. गीता खन्ना ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक व्यवस्था, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय प्रणाली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
डॉ. खन्ना ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से दंड-केंद्रित औपनिवेशिक सोच से आगे बढ़कर न्याय-केंद्रित व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। हमारी पारंपरिक न्यायिक सोच को आधुनिक फॉरेंसिक विज्ञान और डिजिटल तकनीकों के साथ जोड़ने से न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
ग्राफिक एरा लॉ कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान डॉ. खन्ना ने विद्यार्थियों के विचारों, तार्किक क्षमता और विषयों की गहन समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का आधार है।

