धनौरी, 23 अक्टूबर। रोटरी क्लब कनखल द्वारा राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-2, धनौरी में राइला (RYLA) गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन परियोजना अध्यक्षा डॉ. शीलू सिंह भाटिया के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर एक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को मानसिक रूप से स्वस्थ, आत्मविश्वासी एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने हेतु खो-खो प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हिंदी गीतों पर आधारित नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी आकर्षक एवं ऊर्जावान प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को उत्साह और राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास विकसित करने तथा नेतृत्व गुणों को निखारने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब कनखल की ओर से डॉ. शीलू सिंह भाटिया के साथ क्लब सदस्य हार्शिता गर्ग भी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब कनखल के इस सराहनीय प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।

