Homeराज्य समाचारपीएम मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश का स्वर्णिम अध्याय: सतपाल...

पीएम मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश का स्वर्णिम अध्याय: सतपाल महाराज

 

मंत्री सतपाल महाराज ने पीएम मोदी के बारह वर्षों की उपलब्धियों का विवरण किया पेश

हरिद्वार, 15 जून। प्रदेश के पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री तथा हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री श्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सशक्त, सक्षम और आत्मगौरव से परिपूर्ण राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बारह वर्षीय कार्यकाल देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज किया जाएगा।
सोमवार को स्थानीय प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्री महाराज ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और उत्तराखण्ड में हुए विकास कार्यों का विस्तृत उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प आज धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है और उसका प्रभाव देश के प्रत्येक राज्य में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।


उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में केन्द्र सरकार के सहयोग से दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम सर्वकालिक मार्ग परियोजना, दिल्ली-देहरादून द्रुतगामी मार्ग तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रही हैं। प्रदेश के अनेक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है, जबकि हवाई एवं हैली सेवाओं का भी निरंतर विस्तार हुआ है।
श्री महाराज ने कहा कि पर्वतमाला योजना के अंतर्गत रोपवे जाल का विस्तार किया जा रहा है। सोनप्रयाग-केदारनाथ तथा गोविन्दघाट-हेमकुण्ड साहिब रोपवे परियोजनाएं पर्यटन और तीर्थाटन को नई दिशा देंगी। केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम के पुनर्विकास कार्यों के साथ-साथ बदरीनाथ धाम को आधुनिक आध्यात्मिक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जमरानी बांध, सौंग बांध तथा लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना जैसी महत्त्वपूर्ण योजनाओं पर तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है, जिनसे प्रदेश के जल संसाधन, सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ आधार मिलेगा।
हरिद्वार जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए श्री महाराज ने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करने वाला उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है तथा समान नागरिक संहिता पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। नीति आयोग द्वारा हरिद्वार को आकांक्षी जनपद कार्यक्रम में शामिल किया गया है तथा उत्कृष्ट कार्यों के लिए जनपद को विशेष पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि कुम्भ-2027 की तैयारियों के अंतर्गत विभिन्न घाटों, पुलों, सम्पर्क मार्गों तथा आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण तथा खेल अधोसंरचना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
श्री महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत तथा स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से लाखों लोगों को लाभ मिला है। जनपद में बड़ी संख्या में परिवारों को शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सुरक्षा, पेंशन तथा आवास की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व में नई पहचान बना रहा है। डिजिटल लेन-देन, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवाचार तथा अर्धचालक निर्माण जैसे क्षेत्रों में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पत्रकार वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, धर्मेन्द्र चौहान, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर तथा मनोज गौतम सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News