
देहरादून।नगर निगम देहरादून द्वारा 20 जुलाई से 25 जुलाई तक संचालित “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” का शनिवार को विद्यालयों में “स्वच्छता संकल्प एवं समापन दिवस” के आयोजन के साथ सफलतापूर्वक समापन हुआ। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशन में सप्ताहभर चले इस अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।





नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशानुसार नगर निगम के सभी मुख्य सफाई निरीक्षक (CSI) एवं सफाई निरीक्षक (SI) ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में अभियान का संचालन किया। समापन दिवस पर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं, अपने विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण करने, एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि स्वच्छ और हरित देहरादून का निर्माण तभी संभव है, जब स्वच्छता की आदत बचपन से ही विकसित हो। विद्यालयों के माध्यम से बच्चों में जागरूकता पैदा कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के उद्देश्यों को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित इस सप्ताहव्यापी अभियान के दौरान विभिन्न विद्यालयों में स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, पर्यावरण संरक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा जन-जागरूकता से संबंधित अनेक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यवहार परिवर्तन लाना तथा उन्हें स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना रहा।
