
यूजेवीएनएल मुख्यालय में स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वस्थ जीवनशैली और निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा।
यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान और आवश्यक उपचार संभव है। उन्होंने कर्मचारियों से नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
शिविर में अल्ट्रस हेल्थ केयर, देहरादून के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। फिजिशियन डॉ. नितनव भटनागर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुषा के. रवि के मार्गदर्शन में लीवर फाइब्रोसिस एवं वसा की जांच (FibroScan), अस्थि खनिज घनत्व (BMD), श्वसन क्षमता (Spirometry), रक्त शर्करा और रक्तचाप समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं।
महिला कर्मचारियों के लिए स्त्री स्वास्थ्य, हार्मोनल स्वास्थ्य, निवारक जांच और जीवन के विभिन्न चरणों में स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े विषयों पर विशेष परिचर्चा एवं विशेषज्ञ परामर्श भी दिया गया। वहीं सभी कर्मचारियों को रक्तचाप, रक्त शर्करा एवं कोलेस्ट्रॉल प्रबंधन, हृदय रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
शिविर में अधिशासी निदेशक श्री आशीष जैन, महाप्रबंधक श्री राजेश मैखुरी, उपमहाप्रबंधक श्रीमती बबीता कोहली, अधिशासी अभियंता श्री नवीन जोशी सहित यूजेवीएनएल के 100 से अधिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
