Homeराज्य समाचारउत्तराखंडलखवाड़ परियोजना की प्रगति पर UJVNL की कड़ी नजर:  हर सप्ताह होगी...

लखवाड़ परियोजना की प्रगति पर UJVNL की कड़ी नजर:  हर सप्ताह होगी गहन समीक्षा

 

लंबित डिजाइन-ड्रॉइंग के शीघ्र अनुमोदन, दिवसवार कार्ययोजना और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश
देहरादून। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों में गति लाने के लिए यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड, परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) और कार्यदायी संस्था लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्धारित माइलस्टोन के सापेक्ष उपलब्धियां, बाधाएं और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। अजय कुमार सिंह ने कहा कि लखवाड़ परियोजना कई राज्यों के लिए महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लक्ष्य में इसकी अहम भूमिका है। निगम प्रबंधन इसे समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक में साप्ताहिक लक्ष्य तय करने और हर सप्ताह उनकी गहन समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। महत्वपूर्ण कार्यों की दिवसवार कार्ययोजना बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बांध, रिवर डायवर्जन, अपस्ट्रीम कॉफर डैम, शीयर जोन उपचार, एक्सेस टनल, प्रेशर शाफ्ट, पावर इंटेक तथा हाइड्रोमैकेनिकल एवं इलेक्ट्रोमैकेनिकल (HM/EM) इंटरफेस सहित प्रमुख कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।
एलएंडटी को लंबित डिजाइन एवं ड्रॉइंग के शीघ्र अनुमोदन और डिजाइन संबंधी विषयों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। कंपनी को अपने डिजाइन इंजीनियरों और विशेषज्ञों को परियोजना स्थल पर तैनात करने को कहा गया, ताकि निर्माण गति प्रभावित न हो। सिविल और इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल कार्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा तकनीकी बाधाओं के समयबद्ध समाधान पर विशेष बल दिया गया।
सुरक्षा, गुणवत्ता और पर्यावरणीय अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। नियंत्रित ब्लास्टिंग, मलबे का उचित निस्तारण, धूल नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में कार्य शुरू करने से पूर्व आवश्यक तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया।
वैधानिक स्वीकृतियों और प्रशासनिक मामलों की समीक्षा के साथ साइट इंजीनियरों को जिला प्रशासन तथा संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। देहरादून जनपद में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया की सतत निगरानी और पात्र प्रभावित व्यक्तियों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
श्रमिकों की समस्याओं का यथासंभव परियोजना स्थल पर ही समाधान करने और कार्यबल के प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए। अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि निर्धारित लक्ष्यों और माइलस्टोन की प्राप्ति में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पक्षों को संशोधित समय-सारिणी के अनुसार कार्य में तेजी लाते हुए परियोजना को समय पर कमीशन करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की नियमित और साप्ताहिक आधार पर समीक्षा की जाएगी तथा कमियों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की समयबद्ध पूर्णता निगम प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सिविल सुजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक संजय जोशी सहित अन्य अधिकारी तथा टाटा कंसल्टेंट इंजीनियरिंग एवं लार्सन एंड टुब्रो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News