जनगणना-2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर महानगर अध्यक्ष से की भेंट, व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को स्वगणना के लिए किया जागरूक



देहरादून। भारत सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनगणना-2027 एवं स्वगणना अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी, नगर निगम एवं जनगणना प्रभारी अधिकारी द्वारा महानगर अध्यक्ष उमेश सिद्धार्थ अग्रवाल से भेंट की गई। इस दौरान उनसे अभियान के प्रचार-प्रसार में सहयोग करने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित व्यापार मंडल के अध्यक्षों, विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों को जनगणना-2027 के महत्व और स्वगणना की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने और अधिकाधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
इस दौरान प्रशिक्षक नितिन रॉक्सवेल द्वारा जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट एवं स्वगणना पोर्टल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि स्वगणना के माध्यम से प्रत्येक नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इससे व्यक्तिगत विवरणों को स्वयं भरने के साथ ही जानकारी की शुद्धता एवं सटीकता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से जनगणना-2027 एवं स्वगणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।

