
पौड़ी के क्लजीखाल ब्लॉक स्थित ग्राम नलई में दहशत, वन विभाग से तत्काल कार्रवाई और गश्त बढ़ाने की मांग
पौड़ी जनपद के क्लजीखाल ब्लॉक अंतर्गत ग्राम नलई में बीती शनिवार (7 जून) की शाम गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। शाम करीब 7:30 बजे एक गुलदार गांव निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता पवन पटवाल के घर के आंगन में घुस आया और परिवार के सदस्यों के सामने ही उनकी एक भेड़ पर हमला कर उसे मार डाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुलदार के हमले से घबराकर परिवार के सदस्य घर के भीतर भाग गए और शोर मचाना शुरू किया, लेकिन गुलदार बिना डरे मौके पर ही डटा रहा। इसके बाद आसपास के ग्रामीण और पड़ोसी एकत्र हुए तथा ड्रम बजाकर और जोर-जोर से शोर मचाकर उसे भगाने का प्रयास किया। करीब 10 मिनट बाद गुलदार वहां से हटा। भेड़ चेन से बंधी होने के कारण गुलदार उसे अपने साथ नहीं ले जा सका।
घटना के बाद पूरे परिवार और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं और पूर्व में भी मानवों पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाई जाए, गुलदार की निगरानी की जाए तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता है।
