
MBBS एडमिशन रैकेट का पर्दाफाश, तीन सीटों के लिए करोड़ों का सौदा
स्वतंत्रता सेनानी कोटे में जालसाजी, SIT जांच में दो आरोपी दबोचे
NEET UG प्रवेश घोटाला: फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर दिलाई MBBS सीट
20-20 लाख एडवांस लेकर फर्जी कोटे से दिलाया मेडिकल दाखिला
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल की प्रेसवार्ता में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
प्रति सीट 45 लाख का सौदा, तीन परिवारों से 20-20 लाख एडवांस लिया
देहरादून। नीट यूजी 2025 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एमबीबीएस में दाखिला लेने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर दो आरोपियों की गिरफ्तारी का खुलासा किया। थाना रायपुर और थाना क्लेमेंट टाउन में 13 सितंबर को अलग-अलग अभियोग दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता देखते हुए एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलोनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की थी।

एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि अभ्यर्थियों ने सरकार पोर्टल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किए थे। जांच में दस्तावेज फर्जी पाए गए और पते गलत निकले। एसआईटी ने संबंधित शिक्षण संस्थानों से दस्तावेज जब्त कर मूल पते निकाले। इसके आधार पर रूपेश पंडित और अरविंद कुमार को थाना रायपुर बुलाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि रूपेश पंडित पिछले पांच साल से शिक्षा कंसलटेंसी चला रहा था। मेरठ में मिकोडो (MECODO) पाठशाला नाम से कंपनी संचालित कर विभिन्न प्राइवेट विश्वविद्यालयों और विदेशों में एमबीबीएस, बीटेक, बीसीए, बीबीए, बीकॉम आदि कोर्सों में कमीशन पर दाखिला दिलवाता था।
अरविंद कुमार रूपेश का पुराना परिचित है। उसने अपनी पुत्री परी के एमबीबीएस दाखिले के लिए संपर्क किया था। साथ ही दो अन्य परिचितों के बच्चों का भी दाखिला कराने की बात हुई। रूपेश और उसके साथियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी कोटे से दाखिला दिलाने और प्रत्येक दाखिले के बदले 45 लाख रुपये लेने की बात कही। तीनों परिवारों से 20-20 लाख रुपये एडवांस लिए गए। बाकी रकम क्लास शुरू होने के बाद देने का समझौता था।
रूपेश और साथियों ने तीनों अभ्यर्थियों के फर्जी स्वतंत्रता सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र बनवाए। इन्हीं के आधार पर अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस दाखिला हो गया। एसएसपी ने कहा कि एसआईटी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जुड़े अन्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
1. रूपेश पंडित पुत्र गोपाल पंडित, उम्र 30 वर्ष, मूल निवासी ग्राम शिवपुरी, थाना केहाट, पूर्णिया (बिहार), वर्तमान पता प्लॉट नंबर 90, द्वारिकापुरी कॉलोनी, थाना ब्रह्मपुरी, मेरठ (उत्तर प्रदेश)।
2. अरविंद कुमार पुत्र विजयपाल सिंह, निवासी ग्राम बहादरपुर खादर, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार।
थाना रायपुर पर मुकदमा संख्या 380/26 और थाना क्लेमेंट टाउन पर मुकदमा संख्या 86/26 भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में दर्ज है।
