देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। कैंट क्षेत्र स्थित एक स्कूल परिसर में देह व्यापार का गोरखधंधा संचालित किए जाने का खुलासा होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की संयुक्त कार्रवाई में इस अनैतिक धंधे का पर्दाफाश हुआ है। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
पुलिस को लंबे समय से किशन नगर एक्सटेंशन क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। एसएसपी को मिली गोपनीय सूचना के बाद सीओ सिटी के नेतृत्व में कैंट पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफेकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर के पीछे बने स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां आपत्तिजनक स्थिति में महिलाएं और पुरुष मिले। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
इस पूरे मामले में जो तथ्य सामना है आए उनके अनुसार आरोपी बेरोजगार युवतियों को नौकरी का झांसा देकर मेरठ, मुजफ्फरनगर और दिल्ली जैसे शहरों से देहरादून बुलाते थे। आर्थिक तंगी और मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें देह व्यापार के दलदल में धकेला जा रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में एक शख्स पहले भी अनैतिक देह व्यापार के मामले में जेल जा चुका है।
छापेमारी के दौरान एक स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर इस अवैध गतिविधि में किया जा रहा था। मामले में कोतवाली कैंट में अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
