
चुनाव आयोग की गलती का खामियाजा मतदाता नहीं भुगतेगा
माता पिता की उम्र से बच्चों की उम्र के अंतर व नाम के गलत लिखने पर अधिकांश नोटिस
देहरादून: उत्तराखंड में आने वाले दिनों में चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे गहन पुनर्निरीक्षण अभियान के खिलाफ बड़े आंदोलन की तैयारी कांग्रेस ने शुरू कर दी है जिसके लिए पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बीते दो दिनों में कैंट व धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में आधा दर्जन वार्डों में भ्रमण कर व नाम कटने वाले व नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से मिल कर उनकी मत दाता सूची से संबंधित समस्याएं सुनी। कैंट विधानसभा क्षेत्र में कांवली , इंदिरापुरम, गांधीग्राम, द्रोण पुरी, व सीमा द्वार वार्ड तथा धर्मपुर के मांजरा, ब्रहमपुरी व ब्राह्मणवाला में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी बात सुनी। श्री धस्माना को सीमाद्वार के शास्त्रीनगर की श्रीमती अनिता दास ने बताया कि वो पिछले पच्चीस वर्षों से कांवली के मतदान केंद्र में पति के साथ वोट दे रही हैं और अब उनके बच्चों के नाम भी वोटर लिस्ट में शामिल हैं किन्तु अब एसआईआर में उनको नोटिस थमा दिया जिसमें कोई कारण स्पष्ट नहीं। उसी वार्ड में नदी संख्या में लोगों को नाम परिवर्तन के कारण व अनेक लोगों को बिना कारण बताए व कई लोगों के आगे देवी, सिंह, कुमार जुड़े होने के कारण नोटिस दे दिया गया।
नाराज़ लोगों को संबोधित करते हुए श्री धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मसले पर पूरी तरह गंभीर है और आने वाले दिनों में बूथों पर चुनाव आयोग द्वारा जो सुनवाई होगी उसमें पार्टी के बीएलए व उस विधानसभा में पार्टी के नेता लोगों का सहयोग करेंगे व किसी वैध मतदाता का नाम न कटे और कोई अवैध मतदाता ना बन पाए इसका पूरा प्रयास करेंगे किंतु अगर चुनाव आयोग जान बूझ कर भाजपा व सरकार के दबाव में वैध मतदाता का नाम काटने का प्रयास करेंगे तो पार्टी सड़कों पर लड़ाई लड़ने की भी तैयारी कर रही है।
बैठक में श्री धस्माना के साथ श्री जगदीश धीमान, श्री अल्ताफ अहमद, श्री शुभम सैनी, श्री नन्हे, श्री प्रवीण कश्यप श्री आनंद सिंह पुंडीर आदि उपस्थित रहे।
