15 सूत्रीय मांगों पर अड़ा सौंग घाटी संघर्ष मोर्चा, हरीश रावत ने दिया आंदोलन को समर्थन
सौंग घाटी में आंदोलन तेज करने की चेतावनी, मालदेवता बाजार और रायपुर चौक पर चक्का जाम का ऐलान



सौंग बांध प्रभावितों की मांगों को लेकर आर-पार की लड़ाई, छठे दिन भी जारी रहा कार्य बहिष्कार
सौंग घाटी का आंदोलन छठे दिन भी जारी, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनकारियों का संघर्ष जारी
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं कांग्रेस नेता महेंद्र प्रताप नेगी गुरुजी पहुंचे धरना स्थल, आंदोलन को दिया समर्थन
आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को सौंग बाँध समिति एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष श्री रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा समिति के अध्यक्ष श्री कुलदीप पंवार की संयुक्त अध्यक्षता में 15 सूत्रीय मांगों के निराकरण हेतु चल रहा अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार छठे दिन भी जारी रहा।
यह आंदोलन विधानसभा धनोल्टी के ग्राम पंचायत तौलियाकाटल अंतर्गत सौदना गांव तथा विधानसभा रायपुर की ग्राम पंचायत अखाड़ी भीलंग के हिलासवाली गांव के समीप आयोजित किया जा रहा है।
आज धरना स्थल पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत जी एवं कांग्रेस नेता श्री महेंद्र प्रताप नेगी (गुरुजी) पहुंचे। उन्होंने आंदोलनरत क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं 15 सूत्रीय मांगों की जानकारी ली तथा आंदोलन को अपना समर्थन दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दिया समर्थन
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री श्री हरीश रावत जी ने कहा कि वे सौंग घाटी के समस्त क्षेत्रवासियों के साथ खड़े हैं। क्षेत्र की समस्याएं गंभीर हैं और इनका समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर से भी उत्तराखंड सरकार को क्षेत्रवासियों का मांगपत्र भेजने का प्रयास करेंगे, ताकि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान हो सके।
उन्होंने आगे कहा कि यदि सरकार जल्द से जल्द इन मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती है तो वे स्वयं भी आंदोलनकारियों के साथ धरना स्थल पर बैठकर उनके संघर्ष में शामिल होंगे।
आंदोलन में क्षेत्रवासियों की बढ़ती भागीदारी
आंदोलन में सौंग बाँध समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह पंवार एवं सौंग घाटी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष कुलदीप पंवार, सचिव बलवीर सिंह कंडारी, कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह कंडारी, मीडिया प्रभारी रविराज पंवार, ओमप्रकाश पंवार,सुमित कंडारी, दीपक पंवार, संयुक्त सचिव दीपेंद्र कोठारी, कृपाल कंडारी , पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आदित्य कंडारी, योगेन्द्र पवांर , अरविंद नेगी ,हरेंद्र पंवार , दिनेश पवांर , दिगम्बर पवांर , जय कृष्ण उनियाल , विजेंद्र बिष्ट , मनमोहन मल्ल, अनिल मल्ल, आनंद कोठारी, भगवान सिंह , गंभीर सिंह नेगी , रघुवीर सिंह नेगी तथा क्षेत्र के प्रधानगण श्री विजेंद्र सिंह सौंद, खेमराज कंडारी, देवेंद्र नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं एवं बच्चों सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीणों ने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। आंदोलन स्थल पर क्षेत्रीय जनता की एकजुटता और अपनी मांगों को लेकर दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
सरकार से 15 सूत्रीय मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग
समिति एवं क्षेत्रीय जनता ने उत्तराखंड सरकार से 15 सूत्रीय मांगों का शीघ्र एवं ठोस निराकरण करने की मांग दोहराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि सौंग घाटी की जनता अब अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं है।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। आगामी चरण में मालदेवता क्षेत्रीय बाजार एवं रायपुर चौक पर चक्का जाम किया जाएगा। इसके बावजूद सरकार ने मांगों की अनदेखी की तो समस्त क्षेत्रवासियों के साथ मुख्यमंत्री आवास घेराव किया जाएगा।
समिति ने दोहराया कि यह आंदोलन सौंग घाटी के प्रभावित एवं विस्थापित परिवारों के अधिकारों, सम्मान और भविष्य की लड़ाई है। जब तक 15 सूत्रीय मांगों पर न्यायसंगत निर्णय नहीं होता, तब तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा।
सौंग घाटी की जनता एकजुट है, अपने अधिकारों के लिए संघर्षरत है और अब निर्णायक लड़ाई के लिए तैयार है।

