Homeराज्य समाचारउत्तराखंडकैंट विधानसभा से नवीन बिष्ट होंगे आप के प्रत्याशी: महेंद्र यादव ने किया...

कैंट विधानसभा से नवीन बिष्ट होंगे आप के प्रत्याशी: महेंद्र यादव ने किया नाम का ऐलान

 

बसंत विहार में कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़, समर्थकों ने निकाली रैली और की आतिशबाजी


देहरादून। आम आदमी पार्टी ने 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत देहरादून कैंट सीट से नवीन बिष्ट को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रविवार को बसंत विहार स्थित रॉयल इन पैलेस वेडिंग प्वाइंट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उत्तराखंड प्रभारी महेंद्र यादव ने उनके नाम की घोषणा की। पार्टी ने इस कार्यक्रम में हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया है। सम्मेलन में महिला और युवा कार्यकर्ताओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महेंद्र यादव ने कहा कि नवीन बिष्ट युवा नेता हैं और लंबे समय से सामाजिक कार्यों के जरिए जनता के बीच सक्रिय हैं। उन्होंने कहा, “नवीन की ऊर्जा, सक्रियता और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए पार्टी ने उन्हें कैंट विधानसभा से प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया है।” उन्होंने विश्वास जताया कि नवीन बिष्ट क्षेत्र की जनता के बीच पार्टी की नीतियों को लेकर जाएंगे और 2027 के चुनाव में जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचेंगे। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।
नवीन बिष्ट बोले, पार्टी के भरोसे पर खरा उतरूंगा
प्रत्याशी घोषित होने के बाद नवीन बिष्ट ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर भरोसा जताते हुए बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और वह इस भरोसे पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है और पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में सरकार बनाना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच जाना होगा। उन्होंने आगे कहा कि कैंट विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा और संगठन को मजबूत किया जाएगा।
कई वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
सम्मेलन में उत्तराखंड सह प्रभारी डॉ. युवराज भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष उमा सिसोदिया, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष मंजू शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री ओपी मिश्रा, प्रदेश महामंत्री श्याम बाबू पांडेय, टिहरी लोकसभा सह प्रभारी अजय गौर और युवा अध्यक्ष हिमांशु पुंडीर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समर्थकों ने निकाली रैली, आतिशबाजी कर मनाया जश्न
नवीन बिष्ट को प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद उनके समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन थामा। इसके बाद समर्थकों ने रैली निकालकर अपनी खुशी जाहिर की और आतिशबाजी भी की। पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की। सम्मेलन के जरिए पार्टी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया।

Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News