पौड़ी। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को पौड़ी में बड़ा झटका लगा है। तीन बार नगर पालिका अध्यक्ष रहे और पूर्व विधायक यशपाल बेनाम ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।
बेनाम ने 18 अक्टूबर 2018 को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और ठीक आठ साल बाद 18 अक्टूबर 2026 को पार्टी से नाता तोड़ लिया। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया है।
क्या कहा बेनाम ने?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेनाम ने कहा कि उन्होंने आठ वर्षों तक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का पूरी ईमानदारी से साथ दिया, लेकिन पार्टी में उनकी कार्यक्षमता और आंदोलनकारी तेवरों का उचित इस्तेमाल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य आंदोलन के दौरान भी उन्होंने पहाड़ के हित में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था।
उन्होंने शायराना अंदाज में कहा –
“ये खुशियां, जश्न, ये मेले रहने दो, मुझे बख्श दो लोगों, मुझे अकेले रहने दो।”
साथ ही दो टूक कहा – “दो-दो मंत्रियों को पराजित करने के बाद भी मेरे दिमाग खराब नहीं हुए… अब तो बदलेगी तो किस्मत ही बदलेगी, रुतबा मेरा बदलेगा।”
अगला कदम क्या?
बेनाम ने अभी किसी अन्य दल में शामिल होने या अपनी मूल पार्टी कांग्रेस में वापसी को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही समर्थकों से चर्चा के बाद अपने अगले राजनीतिक कदम का ऐलान करेंगे। पौड़ी की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे बेनाम के इस फैसले से जिले के सियासी समीकरणों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

