नई दिल्ली। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट पर उत्तराखंड के लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग उठाते हुए सिक्किम के राज्यपाल पद पर दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का विरोध किया और उनकी नियुक्ति रद्द करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग लगातार उठाई जा रही है। उनका कहना है कि इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और प्रकरण से जुड़े सभी सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने की मांग को लेकर भारत की महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इस प्रकरण में सामने आ रहे नामों और आरोपों की निष्पक्षता से जांच की जाए तथा न्याय सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शन में शामिल उत्तराखंड के साथियों ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और उनके परिवार को न्याय मिलने तक आवाज उठाते रहने का संकल्प दोहराया।



