Homeराज्य समाचारआस्था, विकास और जनसंवाद का संगम: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत...

आस्था, विकास और जनसंवाद का संगम: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र को दी कई सौगातें

आस्था, विकास और जनसंवाद का संगम: कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र को दी कई सौगातें

*देवलगढ़ में ₹36.89 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, पशु चिकित्सालय भवन के लिए स्थल निरीक्षण, विश्वविद्यालय कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं*

कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के व्यापक भ्रमण के दौरान धार्मिक, सामाजिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण सौगातें दीं।

अपने भ्रमण के दौरान डॉ. रावत ने देवलगढ़ स्थित मां राजराजेश्वरी मंदिर के समीप सड़क से गुफा तक पहुंच मार्ग एवं सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया, जिस पर ₹28.89 लाख की धनराशि व्यय की गई है। इसके अलावा गौरा देवी मंदिर समूह परिसर में ₹8 लाख की लागत से निर्मित प्रतिधारक दीवार का भी लोकार्पण किया गया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। राज्य सरकार देवभूमि की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

देवलगढ़ में आयोजित अखण्ड महायज्ञ में शामिल होकर डॉ. रावत ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत बनाने का कार्य करते हैं। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने श्रीकोट क्षेत्र में प्रस्तावित नवीन पशु चिकित्सालय भवन हेतु चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भवन निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक पशु चिकित्सा सुविधाओं के विकास से क्षेत्र के पशुपालकों को लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नयी मजबूती मिलेगी।

श्रीनगर मंडल के बूथ संख्या 121 पर डॉ. रावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ का श्रवण भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए विचार जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति लोगों को प्रेरित करते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाते हैं।

इसके पश्चात चौरास स्थित अतिथि गृह में आयोजित बैठक में डॉ. रावत ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कर्मचारियों से संवाद कर उनकी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा कर्मचारियों की मांग पर सामुदायिक भवन के विस्तार के लिए ₹10 लाख की धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और विश्वविद्यालय के सुचारु संचालन के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी।

डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक विरासत के संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मां राजराजेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी कुंजिका प्रसाद उनियाल, गौरा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष जे.पी. काला, कार्यकारी अध्यक्ष मंगल सिंह, प्रचार मंत्री सुधीर बहुगुणा, ब्लॉक प्रमुख अनिल भंडारी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमिला भंडारी, पार्षद गुड्डी गैरोला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

 

 

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News