जिताऊ और टिकाऊ चेहरों को मिलेगा टिकट, कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी ने तय किए चयन के मानक



टिकट वितरण में पारदर्शिता और सामाजिक संतुलन पर जोर, कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अहम बैठक
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में स्क्रीनिंग कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कार्यकारिणी (एग्जीक्यूटिव कमिटी) और विभिन्न आनुषंगिक प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित की गई। स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन दीपा दास मुंशी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कमेटी के सदस्य अनिल चौधरी और पाल आम्बलिया तथा प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, वरिष्ठ नेता प्रीतम सिंह और करण माहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और टिकट वितरण एवं आवेदन की प्रक्रिया को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
टिकट आवेदन और वितरण के मुख्य बिंदु:
बैठक के दौरान प्रत्याशियों के चयन और आवेदन प्रक्रिया को सरल व पारदर्शी बनाने के लिए निम्नलिखित प्रमुख निर्णय लिए गए:
• आवेदन करने की व्यवस्था: चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार अपना आवेदन संबंधित जिला अध्यक्ष के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जो दावेदार जिला अध्यक्ष के माध्यम से आवेदन नहीं देना चाहते हैं, वे सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय में भी अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
• जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार: टिकट वितरण में केवल उन दावेदारों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी क्षेत्र में मजबूत पकड़ हो, जनता के बीच अच्छी छवि हो और जो जीतने की क्षमता रखते हों।
• संगठन के प्रति निष्ठा और सक्रियता: पार्टी के प्रति समर्पण, पिछले आंदोलनों में भागीदारी और संगठन को मजबूत करने में दिए गए योगदान का गंभीरता से आकलन किया जाएगा।
• पारदर्शी चयन और सामाजिक संतुलन: प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त आवेदनों पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और आनुषंगिक प्रकोष्ठों से फीडबैक लेकर अंतिम पैनल तैयार किया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
बैठक में उपस्थित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और आनुषंगिक प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि पार्टी हाईकमान और स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा जिस भी प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा, पूरा संगठन पूरी ताकत के साथ उसे जिताने के लिए काम करेगा। बैठक में बूथ और मंडल स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन दीपा दास मुंशी, सदस्य अनिल चौधरी, पाल आम्बलिया, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, करण माहरा सहित प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, विभिन्न आनुषंगिक प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

