2022 की हार का हिसाब 2027 में चुकाने की तैयारी, प्रतापनगर में भाजपा ने फूंका चुनावी बिगुल

नई टिहरी : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रामगांव में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक कर संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में संभावित प्रत्याशी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली हार का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से पिछली गलतियों से सबक लेने और वर्ष 2027 के चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही आगामी चुनाव में सफलता का आधार बनेगी।
*प्रतापनगर में विकास को लेकर भाजपा ने कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना*
बैठक में वक्ताओं ने प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित होने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस विधायक विक्रम सिंह नेगी पर निशाना साधते हुए कहा कि विधायक अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राज्य सरकार पर सहयोग नहीं मिलने के आरोप लगाते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने प्रतापनगर क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम किया है। क्षेत्र में दो केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को भी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया गया।
वक्ताओं ने कहा कि विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधि की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। जनता क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और जनप्रतिनिधियों के कार्यों से भली-भांति परिचित है।
वक्ताओं ने कहा कि प्रतापनगर में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण क्षेत्र के विकास को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही है। वर्ष 2027 में भाजपा को विजयी बनाना सभी कार्यकर्ताओं का साझा संकल्प है।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और क्षेत्र में पार्टी की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
*राजेश्वर पैन्यूली बोले—2027 में भाजपा की जीत के लिए एकजुट होकर करेंगे काम*
भाजपा नेता राजेश्वर पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इस बार सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
पैन्यूली ने कहा कि प्रतापनगर में विकास की गति को तेज करने और क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए भाजपा की जीत आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने, जनता के बीच पहुंचने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

