देहरादून में निर्माणाधीन भवन में मिला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
रायपुर क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, पांचवीं मंजिल से गिरने की आशंका
देहरादून, 26 अक्टूबर। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निर्माणाधीन भवन में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत निर्माणाधीन भवन की पांचवीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब छह बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एटीएस कॉलोनी से पूर्व स्थित एक निर्माणाधीन भवन में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रायपुर और चौकी प्रभारी मयूर विहार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर व्यक्ति चित अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी रक्तस्राव हुआ था।
मृतक की पहचान पंकज मित्तल (52 वर्ष), पुत्र पवन कुमार, निवासी मकान संख्या 370, बट्टन लाल रोड, वार्ड संख्या 18, सेक्टर 3-ए, गोबिंदगढ़, जनपद फतेहगढ़ साहिब, पंजाब के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच कराई गई, ताकि घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृत्यु के वास्तविक कारणों एवं परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

