जनजातीय गौरव दिवस पर 1 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय संस्कृति और विरासत का होगा उत्सव
जनजातीय गौरव दिवस पर 1 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में कार्यक्रम
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मंत्री खजान दास ने अधिकारियों को दिए निर्देश; 15 नवंबर को विशाल आयोजन
देहरादून। भारत सरकार के निर्देशों के अनुरूप प्रदेशभर के जनजातीय क्षेत्रों में 1 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रमानुसार आयोजन के लिए निर्देश दिए।
वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा महान क्रांतिकारी और राष्ट्रवादी जनजातीय नायक भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया था। मंत्री खजान दास ने बताया कि 15 नवंबर को प्रदेश में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए स्थान का चयन बाद में किया जाएगा।
प्रदेशभर में 1 से 18 नवंबर तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, मंत्रालय द्वारा किए गए सुधारों, जनजातीय विरासत और महान जनजातीय नायकों के योगदान पर प्रदर्शनी, जनजातीय कला, संस्कृति, नृत्य, संगीत और शिल्प कला पर कार्यशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चित्रकला, कहानी लेखन एवं कविता प्रतियोगिताएं, निबंध, लघु लेख एवं फोटोग्राफी, पारंपरिक कला-शिल्प एवं प्रदर्शन, क्विज एवं स्लोगन, जनजातीय उपलब्धि, सम्मान एवं सामुदायिक जनसंपर्क कार्यक्रम, मुख्य जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम तथा पुष्पांजलि समारोह सहित अनेक आयोजन किए जाएंगे।

