Homeराज्य समाचारउत्तराखंडविकसित भारत के लिए नशामुक्त और आत्मनिर्भर युवा जरूरी: ललित जोशी

विकसित भारत के लिए नशामुक्त और आत्मनिर्भर युवा जरूरी: ललित जोशी

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव: ललित जोशी
वन्दे मातरम् कैंप में गूंजा संदेश—‘नशे को ना, जिंदगी को हाँ’
युवाओं को उद्यमी बनने का आह्वान, नशामुक्ति पर जोर

वन्दे मातरम् कैंप में युवाओं से उद्यमिता, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण पर किया संवाद

देहरादून, 02 अक्टूबर 2026।मेरा युवा भारत, उत्तराखण्ड द्वारा देहरादून में आयोजित वन्दे मातरम् कैंप 2026–27 में शुक्रवार को युवाओं के लिए ध्यान, नशा मुक्ति, उद्यमिता, सामाजिक परिवर्तन, लोक संस्कृति, युवा नेतृत्व एवं राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कैंप के प्रमुख सत्र में शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता ललित जोशी ने “Entrepreneurship and Nasha Mukt Yuva for Viksit Bharat” विषय पर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा केवल स्वस्थ समाज की पहचान नहीं, बल्कि विकसित भारत की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति हैं। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को नशे से दूर रखकर शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाया जाना समय की आवश्यकता है।

ललित जोशी ने नशामुक्त भारत अभियान का उल्लेख करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों एवं समाज के अन्य युवाओं को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “नशे को ना, जिंदगी को हाँ” का संदेश प्रत्येक युवा तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने के लिए उद्यमिता और नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्माकुमारीज द्वारा ध्यान एवं मेडिटेशन सत्र से हुई, जिसमें मानसिक एकाग्रता, आत्म-अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के महत्व पर चर्चा की गई। इसके बाद ड्रग्स एवं सब्सटेंस एब्यूज के दुष्प्रभावों पर जागरूकता सत्र आयोजित हुआ।

कैंप में एक्सटेम्पोर प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। स्वतंत्रता आंदोलन एवं राष्ट्रभावना से जुड़े लोकगीतों ने भारतीय लोक संस्कृति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत किया।

सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा ने उत्तराखण्ड में युवाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक बदलाव पर संवाद किया, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता मोहित बिष्ट ने “मेरा युवा भारत संगठन” विषय पर युवाओं की सामाजिक एवं संगठनात्मक सहभागिता पर विचार रखे।

कैंप के माध्यम से युवाओं को नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, उद्यमिता, सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रभावना और युवा नेतृत्व से जोड़ने का संदेश दिया गया।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News