Homeराज्य समाचारउत्तराखंडआल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप में BNFC मुंबई सेमीफाइनल में पहुंची

आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप में BNFC मुंबई सेमीफाइनल में पहुंची

गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराया:
पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं इंटरनेशनल कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत टेक्निकल डायरेक्टर

बागेश्वर। उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के बागेश्वर जिले में आयोजित आल इंडिया प्राइज मनी फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 अब रोमांचक दौर में पहुंच गई है। नुमाइश मैदान में खेले जा रहे मुकाबलों में देश-विदेश की प्रतिष्ठित टीमें शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता में BNFC मुंबई ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है, जबकि लीग मुकाबले में गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास जी की स्मृति में फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन क्लब के अध्यक्ष मनोज कपकोटी, सचिव कमल शाह जगाती एवं आयोजन समिति के सदस्यों के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 अगस्त 2026 को हुआ था, जबकि फाइनल मुकाबला 15 सितम्बर 2026 को खेला जाएगा।
गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने नेपाल FC को 4-2 से हराया
नुमाइश मैदान में खेले गए लीग मुकाबले में गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली और नेपाल FC के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच की शुरुआत में नेपाल FC ने शानदार खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई। नेपाल की ओर से आदित्य ने 15वें मिनट तथा सुजल ने 45वें मिनट में गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी।
हाफ टाइम के बाद गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार चार गोल दागे। दिल्ली की ओर से अभय ने 50वें मिनट, शुभम ने 60वें और 66वें मिनट, जबकि हर्षु ने 88वें मिनट में गोल किया। इस तरह गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 4-2 से अपने नाम कर लिया।
गढ़वाल डायमंड FC दिल्ली का अगला लीग मुकाबला 12 सितम्बर को हल्द्वानी FC के साथ होगा।
BNFC मुंबई सेमीफाइनल में
प्रतियोगिता में BNFC मुंबई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इसके साथ ही गोवा FC ने भी सेमीफाइनल में स्थान बना लिया है। सेमीफाइनल मुकाबलों को लेकर बागेश्वर के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह बना हुआ है।
देश-विदेश की 12 मजबूत टीमें ले रही हैं हिस्सा
फ्रेंड्स क्लब बागेश्वर के सचिव कमल शाह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए देश-विदेश से कुल 48 टीमों की एंट्री प्राप्त हुई थी, जिनमें से श्रेष्ठ 12 टीमों को प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया है।
प्रतियोगिता में BNFC मुंबई, गोवा FC, मुनस्यारी FC, पिथौरागढ़ FC, मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम, दिल्ली FC, बागेश्वर FC, नेपाल FC, मध्य प्रदेश FC, बंगाल FC एवं हल्द्वानी FC सहित देश-विदेश की प्रतिष्ठित टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
आयोजन समिति की ओर से सभी प्रतिभागी टीमों के खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, भोजन तथा स्थानीय आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है।
डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को सौंपी गई तकनीकी जिम्मेदारी
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक एवं निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप संचालित करने के लिए उत्तराखंड के प्रसिद्ध पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी, इंटरनेशनल कोच एवं राज्य आंदोलनकारी डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को टेक्निकल डायरेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतियोगिता के लिए अनुभवी रेफरियों की टीम में भूपाल सिंह नेगी, मनोज नेगी, प्रकाश रोनी, हर्षित चौहान, सनम पुन एवं विमल सिंह रावत को शामिल किया गया है। वहीं किशन कुमार को मैच कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई है।
विजेता को ₹1.51 लाख और पांच फीट की ट्रॉफी
आयोजन समिति के सचिव कमल शाह जगाती ने बताया कि प्रतियोगिता की विजेता टीम को पांच फीट की शानदार ट्रॉफी एवं ₹1,51,000 नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। उपविजेता टीम को चार फीट की आकर्षक ट्रॉफी एवं ₹51,000 नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बेस्ट गोलकीपर, बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सहित विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में खेली जा रही है। रोजाना शाम चार बजे नुमाइश मैदान में रोमांचक मुकाबले हो रहे हैं। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान पहुंच रहे हैं।
विदेशी खिलाड़ी बने आकर्षण का केंद्र
प्रतियोगिता में सूडान, नाइजीरिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों की मौजूदगी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। स्थानीय खेल प्रेमियों में विदेशी खिलाड़ियों के साथ सेल्फी लेने को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
प्रतियोगिता के मुकाबलों एवं खिलाड़ियों की गतिविधियों को लोग सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार साझा कर रहे हैं।
आधुनिक फुटबॉल नियमों के अनुरूप हो रहा प्रतियोगिता का संचालन
टेक्निकल डायरेक्टर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में फुटबॉल के नवीनतम नियमों एवं तकनीकी प्रावधानों को ध्यान में रखते हुए मुकाबलों का संचालन किया जा रहा है। रेफरियों को प्रतियोगिता से पूर्व आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया गया है, ताकि सभी मुकाबले निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हों।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मुकाबले का संचालन अनुभवी एवं प्रशिक्षित रेफरियों द्वारा किया जा रहा है।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का मिल रहा सहयोग
डॉ. रावत ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान बागेश्वर जिले के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, जिलाधिकारी, विधायक, सांसद तथा वरिष्ठ IAS एवं IPS अधिकारी खिलाड़ियों एवं आयोजन समिति का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बागेश्वर में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता का आयोजन स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करने के साथ-साथ उत्तराखंड में फुटबॉल के विकास एवं खेल पर्यटन को नई दिशा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
आयोजन समिति ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में नुमाइश मैदान, बागेश्वर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस भव्य फुटबॉल प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News