Homeराज्य समाचारनगर आयुक्त ने दिए वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के...

नगर आयुक्त ने दिए वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश

 

स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के लिए विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश

देहरादून। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय के दिशा-निर्देशन में जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देहरादून शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार, वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की निगरानी, प्रदूषण नियंत्रण के उपायों तथा जन-जागरूकता गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे सभी कार्यों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।

नगर आयुक्त ने वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक नियंत्रणात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस स्थलों से होने वाले प्रदूषण, खुले में कूड़ा जलाने तथा अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्य करने को कहा।

बैठक में नगर निगम देहरादून द्वारा वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। इनमें वैक्यूम आधारित सड़क सफाई मशीनों के माध्यम से सफाई, सड़कों एवं निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्रों का विस्तार, पौधारोपण तथा स्रोत पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग करने के लिए जन-जागरूकता गतिविधियां शामिल हैं।

नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ देहरादून के निर्माण में आमजन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-जागरूकता एवं सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि नागरिकों को वायु प्रदूषण के कारणों और उसके नियंत्रण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा सके।

उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि खुले में कूड़ा न जलाएं, गीले एवं सूखे कचरे को घर पर ही अलग-अलग रखें, निर्माण सामग्री को खुले में फैलने से रोकें तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाने में सहयोग करें।

बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि “स्वच्छ देहरादून, हरित देहरादून” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी संबंधित विभागों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा तथा कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं संबंधित विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान समरेश सिंह रावत, टीटीओ, रत्नाकर सिंह, एपीटीओ-ई, रविंद्र सिंह पंत, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, डॉ. वरुण अग्रवाल, पशु चिकित्साधिकारी, अनुराधा पंत, सीटीओ, आरटीओ देहरादून, रजत कोठियाल, अधिशासी अभियंता, नगर निगम, करीन मलिक, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम सलाहकार, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रीचा सिंह, राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम सलाहकार, नगर निगम देहरादून, प्रवीण माथुर, उद्यान विशेषज्ञ, नगर निगम देहरादून, पल्लवी पांडे, एमई, रमेश सिंह, सहायक अभियंता तथा विनोद थापलियाल, सहायक अभियंता उपस्थित रहे।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News