Homeराज्य समाचारएटलांटिस क्लब में स्वतंत्रता दिवस के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया हरियाली...

एटलांटिस क्लब में स्वतंत्रता दिवस के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया हरियाली तीज उत्सव

 

एटलांटिस क्लब, पंडितवाड़ी, चकराता रोड, देहरादून में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर हरियाली तीज उत्सव का गरिमामय तरीके से भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति के उत्साह के साथ ही उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और तीज उत्सव की जीवंत झलक देखने को मिली।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आयोजन समिति सदस्य श्री प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन समिति की निदेशक श्रीमती सुशीला सिंह एवं श्रीमती इंदिरा चौहान की अध्यक्षता में किया गया जिसमें सरप्राइज गेम्स, डांस, सिंगिंग सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में सदस्यों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अक्षरा एजुकेशनल सोसायटी की निदेशक व आर.एस. चैरिटेबल ट्रस्ट की सचिव श्रीमती रजनी गुसाईं ने सभी को स्वतंत्रता दिवस एवं हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण तीज क्वीन प्रतियोगिता रही। तीन सदस्यीय निर्णायक मंडल में श्रीमती मृदुला पोखरियाल, श्रीमती शारदा अधिकारी एवं श्रीमती उषा रमोला ने विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता 50वर्ष से कम एवं अधिक के दो आयु वर्गों में आयोजित की गई। निर्णायक मंडल द्वारा लिए गए निर्णय इस प्रकार रहे-

50 वर्ष से कम आयु वर्ग में:
प्रथम — श्रीमती प्रियंका सिंह
द्वितीय — श्रीमती श्वेता खंडूरी
तृतीय — श्रीमती रीना चौहान

50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में:
प्रथम —श्रीमती रश्मि यादव
द्वितीय — श्रीमती गंगा डालाकोटी
तृतीय — श्रीमती सुषमा सिंह

कार्यक्रम में श्रीमती रेखा रावत एवं उनकी टीम ने गढ़वाली एवं कुमाऊनी लोकनृत्य और लोकगीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को रोचक और दर्शनीय बना दिया। पारंपरिक लोक गीतों और नृत्यों पर उपस्थित सदस्य जमकर झूमे और कलाकारों की प्रस्तुतियों की खूब सराहना की।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देशभक्ति की भावना और हरियाली तीज की उल्लासपूर्ण परंपरा के साथ ही उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे प्रतिभागियों और सदस्यों ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह के अंत में इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियर्स के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस एवं भारतीय संस्कृति और परंपरा से जुड़े तीज त्योहार के अवसर पर आयोजित ऐसे कार्यक्रम राष्ट्रीयता और आपसी मेल-जोल बढ़ाने के साथ-साथ हमारी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और देशभक्ति का माहौल बना रहा।

Static 1 Static 1
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

STAY CONNECTED

123FansLike
234FollowersFollow
0SubscribersSubscribe

Latest News